नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही द्विपक्षीय सीरीज का पहला चरण समाप्त हो गया है, जिसमें ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम को 2-1 से हरा दिया। हालांकि भारतीय टीम ने कैनबरा में खेले गये आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम को 13 रनों से हराकर सीरीज में खुद को क्लीन स्वीप होने से बचा लिया। कैनबरा में खेले गये इस मैच में दो खिलाड़ियों ने डेब्यू किया। जहां भारतीय टीम के लिये तेज गेंदबाज टी नटराजन ने डेब्यू किया तो वहीं पर ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिये कैमरून ग्रीन ने डेब्यू किया।
कैमरून ग्रीन को ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने डेब्यू कैप थमाई। कैमरून ने अपनी पारी के दौरान 27 गेंदों में 21 रनों की पारी खेली थी और 4 ओवर गेंदबाजी करके 27 रन दिये थे। अपने पहले मैच के अनुभव के बारे में बात करते हुए कैमरून ग्रीन ने बताया कि जब वो मैदान पर उतरे थे तो काफी नर्वस महसूस कर रहे थे।
इसको लेकर कैमरून ग्रीन ने बताया कि उन्हें भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने अच्छा महसूस कराया और नर्वसनेस को दूर करने में मदद की।
और पढ़ें: AUS vs IND: 22 साल बाद भारतीय स्पिनर्स ने विदेशी दौरे पर बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड, देखें आंकड़े
मैच के बाद ग्रीन ने बात करते हुए कहा, 'विकेट के पीछे भारतीय प्लेयर केएल राहुल काफी शानदार हैं। उन्होंने मैदान पर सेटल होने में मदद की। जब मैं बल्लेबाजी करने के लिये आया तो उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं नर्वस हूं, जिसके जवाब में मैंने हां कहा। इस पर उन्होंने मुझे कहा कि रिलैक्स करो, तुम अच्छा करोगे यंगस्टर।'
गौरतलब है कि कैमरून ग्रीम ऑस्ट्रेलिया के लिये अतंर्राष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले 230वें खिलाड़ी बने हैं। मैच के बाद कैमरून ग्रीन ने कहा कि डेब्यू मैच में केएल राहुल की ओर से किया गया यह व्यव्हार उन्हें हमेशा याद रहेगा।
और पढ़ें: AUS vs IND: 4 कारण जिसके चलते भारत ने गंवाई वनडे सीरीज, जानें कहां हुई गलती
आपको बता दें कि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सिडनी में खेले गये दोनों मैचों में जीत हासिल की और वनडे सीरीज को अपने नाम किया। अब दोनों टीमें शुक्रवार को इसी मैदान पर 3 मैचों की टी20 सीरीज में एक दूसरे के खिलाफ खेलने उतरेंगी, जिसके बाद दोनों के बीच 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जायेगी।