1st T20, AUS vs PAK: फिंच की पारी पर बारिश पड़ी भारी, पाकिस्तान को हार से बचाया
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहुंची पाकिस्तान टीम को 3 मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में बारिश ने हार से बचा लिया। ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच यहां रविवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जाने वाले पहले टी-20 मैच को बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। लेकिन बारिश के कारण मैच को 15-15 ओवरों का कर दिया गया, जिसमें कि पाकिस्तान ने पांच विकेट पर 107 रन का स्कोर बनाया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान एरॉन फिंच ने ताबड़तोड़ शुरुआत की जिस पर बारिश ने पानी फेर दिया। बारिश इस कदर हावी रही कि पाकिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे इस पहले मुकाबले को बेनतीजा घोषित करना पड़ा। हालांकि अगर मैच में महज 11 गेंद और फेंक दी जाती तो इसका परिणाम निकल आता।
और पढ़ें: टेस्ट क्रिकेट की 5 सबसे खराब पिचें, जो कर देती है खेल का मजा किरकिरा

पाकिस्तान को बाबर आजम का सहारा, ठोंका 11वां अर्धशतक
बारिश से प्रभावित मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर पाकिस्तान ने 15 ओवर में पांच विकेट पर 107 रन बनाये जिसके बाद डकवर्थ लुइस प्रणाली से ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 119 रन का लक्ष्य मिला। पाकिस्तान के लिए कप्तान बाबर आजम ने 38 गेंदों पर पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन की पारी खेली। टी20 में आजम का यह 11वां अर्धशतक है। उनके अलावा मोहम्मद रिजवान ने 31 रनों का योगदान दिया।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्टार्क और केन रिचर्डसन ने दो-दो जबकि एश्नटन एगर ने एक विकेट लिया।

फिंच की पारी पर फिरी बारिश, हार से बचा पाकिस्तान
आस्ट्रेलिया ने इस लक्ष्य का पीछा करते हुए 3.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 41 रन बना लिए थे कि तभी फिर बारिश का आ गई और आखिरकार खेल को रद्द ही करना पड़ा। इस दौरान फिंच काफी आक्रामक रहे जिन्होंने 16 गेंद की नाबाद पारी में पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 37 रन बनाये। पिछले तीन मैचों में अपना विकेट गंवाये बिना 217 रन बनाने वाले डेविड वार्नर ने इस दौरान चार गेंद में दो रन (नाबाद) बनाये।
बारिश के कारण आगे का खेल संभव नहीं हुआ और मैच को बेनतीजा घोषित कर दिया गया।

अगर फेंक देते 11 गेंद तो निकल आता रिजल्ट
मैच के बाद फिंच ने कहा, ‘यह निराशाजनक है। लेकिन आप मौसम के बारे में बहुत कुछ नहीं कर सकते। हमने वास्तव में अच्छा खेला। उन्हें 15 ओवर में 107 रन पर रोकना एक शानदार प्रयास था और फिर लक्ष्य को हासिल करने के लिए हम सही तरीके से आगे बढ़े।'
मैच में अगर 11 गेंद का खेल और हो जाता तो इसका नतीजा निकल जाता।

महंगा पड़ा 20 मिनट का ब्रेक
दोनों टीमों की पारी के बीच 20 मिनट का ब्रेक लिया गया जो आस्ट्रेलिया को महंगा पड़ा।
फिंच ने कहा, ‘आप ओवर को कम करने के बाद भी पारी के बीच में 20 मिनट का ब्रेक रख रहे हैं। इसका कोई मतलब नहीं निकलता है लेकिन यह नियमों का
हिस्सा है और आप इसमें कुछ नहीं कर सकते।'
श्रीलंका के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में 3-0 की हार के बाद पाकिस्तान की टीम इस श्रृंखला में नये कप्तान बाबर आजम के नेतृत्व में मैदान पर उतरी। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को अपने घर में धूल चटाते हुए 3-0 से क्लीन स्वीप किया। अब इस श्रृंखला का दूसरा मुकाबला मंगलवार को कैनबरा में खेला जाएगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
