AUS vs IND: आखिरी ओवर में भारतीय महिला टीम के साथ हुआ सुपरड्रामा, खराब अंपायरिंग से हारी मिताली सेना
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेलने पहुंची भारत की महिला क्रिकेट टीम के लिये खराब किस्मत का दौर रुक नहीं रहा है और 3 मैचों की वनडे सीरीज के लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। मैकॉय के हारुप पार्क में खेले गये इस मैच में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जवाब में भारतीय टीम ने पहले खेलते हुए 2018 के बाद वनडे क्रिकेट का अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 274 रनों का स्कोर खड़ा किया और जीत के लिये 275 का लक्ष्य रखा।
ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम ने रनों का पीछा करते हुए खराब शुरुआत की और महज 52 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये, लेकिन बेथ मूनी (नाबाद 125) ने पहले ताहिला मैकग्रा (74) के साथ पांचवे विकेट के लिये 126 रनों की साझेदारी की और फिर निकोल कैरी (39) के साथ नाबाद 97 रनों की पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया की जीत के रथ को जारी रखा।
और पढ़ें: 'उसमें है मैच जिताने की काबिलियत ', KKR कोच ने बताया किस खिलाड़ी में दिखती है एडम गिलक्रिस्ट की झलक

खराब अंपायरिंग के चलते भारत को मिली हार
ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम के लिये वनडे क्रिकेट में यह 26वीं जीत है और फिलहाल यह जारी है। हालांकि इस मैच में एक बार को लगा था कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने कंगारू टीम के इस विजयी रथ को रोक दिया है लेकिन आखिरी दो ओवर्स में हुए सुपरड्रामे के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम 5 विकेट से जीत अपने नाम करने में कामयाब रही।
दरअसल ऑस्ट्रेलिया की टीम को आखिरी 12 गेंदों में जीत के लिये 23 रनों की दरकार थी। राजेश्वरी गायकवाड़ ने 49वें ओवर की शुरुआत की और पहली ही गेंद पर निकोल कैरी को विकेट पर फंसाया, गेंद साफ-साफ विकेट पर लगती नजर आ रही थी, खिलाड़ियों ने अपील की लेकिन अंपायर्स ने आउट नहीं दिया। हालांकि महिला क्रिकेट टीम में रिव्यू का नियम न होने के चलते भारतीय टीम फैसले के खिलाफ नहीं जा सकी और बाद में रिप्ले में साफ नजर आया कि कैरी आउट थी।

भारतीय खिलाड़ियों से भी हुई कई गलतियां
गायकवाड़ की दूसरी गेंद पर मूनी ने चौका लगाया। इसके बाद भारतीय फील्डर्स के हाथों तक दो कैच पहुंचे लेकिन वो इसे पकड़ पाने में नाकाम रहे और यह ओवर 10 रन के साथ खत्म हुआ। अब ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिये आखिरी ओवर में 13 रनों की दरकार रही, जिसे बचाने का जिम्मा सबसे अनुभवी गेंदबाज झूलन गोस्वामी को दिया गया।
गोस्वामी की पहली गेंद फुलटॉस रही जिस पर मूनी ने 2 रन लिये लेकिन ऋचा घोष के खराब थ्रो के चलते अतिरिक्त रन मिला। वहीं अगली गेंद पर फील्डर से गेंद को पकड़ने में थोड़ी देरी हुई जिसका फायदा उठाते हुए कंगारू खिलाड़ियों ने 2 रन और बटोर लिये। गोस्वामी की तीसरी गेंद सीधा कैरी के हेलमेट पर जाकर लगी और नो बॉल करार दी गई। अगली 3 गेंदों पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 4 रन बटोरे और आखिरी गेंद पर जीत के लिये 3 रनों की दरकार रही।
|
आखिरी गेंद पर हुआ सुपरड्रामा
गोस्वामी ने आखिरी गेंद फुलटॉस फेंकी और कैरी ने शॉट खेला जो कि सीधा प्वाइंट पर खड़े फील्डर के हाथ में पहुंचा। भारतीय टीम जीत का जश्न मना ही रही थी कि अंपायर्स ने इसे नो बॉल चेक करने के लिये भेज दिया। रिप्ले में साफ नजर आ रहा था कि जब कैरी ने शॉट खेला तो वह नीचे की तरफ बैठ रही थी और गेंद कमर से नीचे की ओर डिप कर रही थी, लेकिन बावजूद इसके थर्ड अंपायर ने इसे नो बॉल करार दिया और भारतीय टीम को जीत के लिये दोबारा कोशिश करनी पड़ी। इस नो बॉल के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम को जीत के लिये एक गेंद पर 2 रन की दरकार रही। गोस्वामी ने फुल बॉल फेंकी जिस पर कैरी ने शॉट खेला।
कैरी ने 2 रनों के लिये दौड़ लगा दी, जहां पर थ्रो तो समय पर फेंका गया लेकिन गोस्वामी उसे समय पर विकेटों में नहीं लगा सकी और ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 5 विकेट से जीत कर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। ऑस्ट्रेलिया के लिये बेथ मूनी ने शतक लगाते हुए नाबाद 125 रनों की पारी खेली। वहीं भारत के लिये स्मृति मंधाना (86) ने अर्धशतकीय पारी खेली तो वहीं पर शैफाली वर्मा (22), ऋचा घोष (44), दीप्ति शर्मा (23), पूजा वस्त्राकार (29) और झूलन गोस्वामी (28) ने भी अहम योगदान दिया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications