वेलिंगटन। क्रिकेट के मैदान पर जो दिवंगत आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी फिलिप ह्यूज के साथ हुआ था, उसे याद करके आज भी रोंगटे खड़े हो जाते हैं और इसी कारण जब भी किसी क्रिकेटर के सिर पर बॉल लगती है, हर इंसान का दिल डर से दहल उठता है। फिर याद आए फिलिप ह्यूज
एक बार फिर से ये डर और खौफ उस वक्त लोगों के अंदर दिखा जब बांग्लादेश टेस्ट टीम के कप्तान मुशफिकुर रहीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन सोमवार को दूसरी पारी के दौरान सिर पर चोट लगी। मुशफिकुर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि वो अब खतरे से बाहर हैं।
मुशफिकुर रहीम को बाएं कान पर लगी गेंद
मुशफिकुर रहीम को बाएं कान पर खेल के दूसरी पारी के 43वें ओवर में टिम साउथी की गेंद लगी थी, जिसके बाद वो मैदान पर गिर गए थे, उन्हें तुरंत स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया। मैच की समाप्ति के बाद प्रेसवार्ता में पहुंचे मुशफिकुर ने कहा कि चोट के कारण थोड़ा दर्द महसूस हो रहा है, लेकिन अब वह ठीक हैं।