विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप को लेकर बांग्लादेश ने ICC को चेताया, पाकिस्तान को लगा झटका
नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के चलते पिछले 3 महीने से खेल जगत पूरी तरह से ठप्प पड़ा हुआ है। इसकी वजह से क्रिकेट जगत के कई बड़े टूर्नामेंट और आईसीसी की ओर से आयोजित की जाने वाली विश्व टेस्ट चैम्पियंस ट्रॉफी के तहत होने वाली टेस्ट सीरीज को भी टालना पड़ा। ऐसे में कई क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से अगले साल मई में लॉर्डस के मैदान पर होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच को आगे खिसकाने की अपील की है, हालांकि आईसीसी ने अभी तक इस पर कोई भी फैसला नहीं दिया है।
और पढ़ें: इरफान पठान का खुलासा, बताया 6 साल के अंदर कैसे बदली धोनी की सोच
इस बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का समय बढ़ाने की अपील करते हुए चेताया है कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो उसकी टीम रद्द हुए टेस्ट मैचों को खेल पाने में नाकाम रहेगी।
और पढ़ें: तो क्या काले लोगों को रोकने के लिये आईसीसी लाई थी बाउंसर का नियम

कोरोना के चलते रद्द हो चुके हैं बांग्लादेश के 8 टेस्ट मैच
उल्लेखनीय है कि कोरोना वायरस के चलते अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट कार्यक्रम पर गहरा असर पड़ा है, जिसके चलते बांग्लादेश की टीम के अब तक 8 टेस्ट मैच रद्द किये जा चुके हैं। इन 8 टेस्ट मैचों में बांग्लादेश को एक टेस्ट मैच पाकिस्तान के खिलाफ, 2 टेस्ट मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ, 2 टेस्ट मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ और श्रीलंका के खिलाफ 3 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी थी।
क्रिकबज से बात करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट संचालन अध्यक्ष अकरम खान ने कहा, ‘जब तक मौजूदा आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के समय को बढ़ाया नहीं जाता तब तक निर्धारित समय में आठ टेस्ट मैच खेल पाने का कोई तरीका नहीं है। हम देखना चाहते हैं कि आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप के साथ क्या करता है क्योंकि जब तक इसमें बदलाव नहीं होता तब तक रद्द हो चुके आठ टेस्ट मैचों को खेलने की संभावना नहीं के बराबर है।'

अगर आईसीसी ने नहीं बढ़ाया वक्त तो बांग्लादेश नहीं खेलेगा रद्द मैच
विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच को आगे बढ़ाने के बारे में बात करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी निजामुद्दीन चौधरी ने भी कहा कि अगर आईसीसी फाइनल मैच को अपने पुराने तय समय के अनुसार कराता है तो जो टेस्ट मैच अब तक रद्द किये गये हैं उनके दोबारा शुरु होने की संभावना बेहद कम है।
उन्होंने कहा, ‘अगर टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अगले साल जून में होता है तो इन मैचों (आठ टेस्ट) का भविष्य अच्छा नहीं है। इसका मतलब है कि इन टेस्ट मैचों के आयोजन की संभावना नहीं है क्योंकि अगले साल तक इन टेस्ट मैचों को खेलने के लिए समय नहीं है। लेकिन टेस्ट चैंपियनशिप के समय को बढ़ाया जाता है तो शायद संभावना बन सकती है, लेकिन अगर ऐसा होता है तो इसका अन्य कार्यक्रमों पर भी असर पड़ेगा क्योंकि 2023 तक का कार्यक्रम काफी व्यस्त है।'

विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में टॉप पर है भारत
गौरतलब है कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के प्वाइंटस टेबल में फिलहाल भारत पहले नंबर पर काबिज है जबिक ऑस्ट्रेलियाई टीम दूसरे नंबर पर काबिज है। आपको बता दें कि डब्ल्यूटीसी में 12 टेस्ट खेलने वाले देशों में से नौ दो साल के दौरान आपस में भिड़ते हैं। सभी देशों को छह टेस्ट श्रृंखलाएं खेलनी हैं जिसमें तीन स्वदेश में और तीन विदेश में खेलनी होंगी। हालांकि सभी टीमें समान संख्या टेस्ट नहीं खेलेंगी।
प्रत्येक टीम प्रत्येक श्रृंखला से अधिकतम 120 अंक जुटा सकती है और लीग चरण खत्म होने के बाद अधिकतम अंक हासिल करने वाली दो टीमें अगले साल जून में फाइनल में हिस्सा लेंगी। जुलाई 2019 और 31 मार्च 2021 के बीच 72 टेस्ट खेले जाने की संभावना है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
