T20 World Cup के दूसरे ही मैच में हुआ बड़ा उलटफेर, स्कॉटलैंड ने बांग्लादेश को हराया
नई दिल्ली। क्रिकेट के खेल को अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता है और यूएई में रविवार (17 अक्टूबर) से शुरू हुए टी20 विश्वकप के दूसरे ही मैच में यह देखने को मिला। यूएई और ओमान के मैदान पर खेले जा रहे टी20 विश्वकप के दूसरे मैच में बांग्लादेश की टीम का सामना स्कॉटलैंड से हुआ। जहां बांग्लादेश की टीम को इस मैच में जीत की पसंदीदा मानी जा रही थी लेकिन जब नतीजा आया तो बांग्लादेश की टीम को बड़े उलटफेर का सामना करना पड़ा और स्कॉटलैंड की टीम ने 6 रनों से इस मैच को जीत लिया। स्कॉटलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 9 विकेट खोकर 140 रनों का स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 134 रन ही बना सकी।
हालांकि इस मैच में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि बांग्लादेश की टीम मैच में ज्यादातर समय तक स्कॉटलैंड पर हावी रही लेकिन क्रिस ग्रीव्स के हरफनमौला प्रदर्शन ने मैच के नतीजे को उनकी टीम के पक्ष में कर दिया। बांग्लादेश की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और अपने बॉलर्स के दम पर स्कॉटलैंड के 6 बल्लेबाजों को महज 53 रन के स्कोर पर वापस पवेलियन भेज दिया।
ऐसा लग रहा था कि स्कॉटलैंड की टीम एकतरफा हार का सामना करने वाली है लेकिन तभी क्रिस ग्रीव्स (45) और मार्क वॉट (22) ने पारी को संभाला और टीम के स्कोर को 140 तक पहुंचा दिया। वहीं रनों का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने भी खराब शुरुआत की और महज 18 रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों को वापस भेज दिया।
यहां से शाकिब अल हसन (20) और मुश्फिकुर रहीम (38) ने तीसरे विकेट के लिये 47 रनों की साझेदारी की और जब ऐसा लगने लगा कि मैच बांग्लादेश के पक्ष में जा रहा है तभी क्रिस ग्रीव्स ने शाकिब अल हसन को मैकलॉयड के हाथों कैच कराकर पार्टनरशिप को तोड़ दिया। अपने अगले ओवर में ग्रीव्स ने मुश्फिकुर रहीम को भी आउट कर बांग्लादेश को चौथा झटका दिया।
और पढ़ें: BAN vs SCT: टी20 विश्वकप में चला शाकिब अल हसन का जादू, नाम किया गेंदबाजी का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
यहां से बांग्लादेश की टीम तेजी से रन नहीं बना सकी और आखिरी ओवर में उसे जीत के लिये 24 रनों की दरकार रह गई। मेंहदी हसन ने एक चौका और छक्का जरूर लगाया पर टीम 6 रनों से स्कोर से पीछे रह गई और स्कॉटलैंड की टीम ने बड़ा उलटफेर करते हुए मैच को जीत लिया। स्कॉटलैंड के लिये ब्रैडली व्हील ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट हासिल किये तो वहीं क्रिस ग्रीव्स ने 3 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट हासिल किये।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications