नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के बीच पिछले 4 महीनों से क्रिकेट ठप्प पड़ा है, हालांकि इस बीच इंग्लैंड में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट की वापसी हो चुकी है। मौजूदा समय में इंग्लैंड की टीम वेस्टइंडीज के साथ टेस्ट सीरीज खेल रही है, जिसके बाद आयरलैंड और फिर पाकिस्तान की टीम भी इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज खेलेगी। पाकिस्तान की टीम इस ऐतिहासिक दौरे के लिये इंग्लैंड पहुंच चुकी है और आइसोलेशन खत्म होने के बाद डर्बी में ट्रेनिंग कर रही है। वहीं 5 अगस्त से शुरु होने वाली इस द्विपक्षीय सीरीज से पहले पाकिस्तान की टीम को बड़ा झटका लगा है।
रविवार को सामने आयी रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान के बल्लेबाज खुशदिल शाह के बायें हाथ के अंगूठे में शनिवार को ट्रेनिंग के दौरान चोट लग गई जिसके बाद उनका टेस्ट कराया गया। रविवार को मिली रिपोर्ट के अनुसार खुशदिल शाह के बायें हाथ के अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया है जिसकी वजह से वह अब 3 हफ्तों के लिये टीम से बाहर हो गये हैं। पाकिस्तान के लिये अभी तक सिर्फ एक टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाले खुशदिल शाह का बाहर होना टीम के लिये बड़ा झटका है।
और पढ़ें: 'गौतम गंभीर से ज्यादा मानसिक कमजोर व्यक्ति नहीं देखा', अफरीदी ने फिर दिया विवादित बयान
बोर्ड ने कहा कि खुशदिल टीम के सदस्यों के बीच आपस में चल रहे चार दिवसीय मैच का हिस्सा नहीं हैं और वह दूसरे चार दिवसीय मैच में भी चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे, जो 24-27 जुलाई तक डर्बी में खेला जाएगा। पीसीबी ने हालांकि कहा कि हड्डी रोग विशेषज्ञ, टीम डॉक्टर और टीम फिजियो को उम्मीद है कि वह अगले हफ्ते के अंत से ट्रेनिंग शुरू कर पाएंगे।
गौरतलब है कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ 5 अगस्त से शुरु हो रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारियों में जुटी हुई है जिसके लिये वह मैच से पहले दौरे पर आये सभी खिलाड़ियों में से 2 टीमें बनाकर आपस में 4 दिवसीय अभ्यास मैच खेलेंगे।
और पढ़ें: 'भरोसे के लायक नहीं है DRS की तकनीक', पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने की बदलाव की मांग
आपको बता दें कि इस दौरे पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 3 टेस्ट और 3 ही टी20 मैचों की श्रृंखला खेलनी है जिसका पहला टेस्ट मैच ओल्ड ट्रैफर्ड में पांच अगस्त से खेला जाएगा।