नई दिल्ली। बुरे दौर से गुजर रही श्रीलंकाई क्रिकेट टीम को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पहले भारत और फिर पाकिस्तान के हाथों 0-5 से सीरीज गंवाने के बाद श्रीलंकाई टीम दबाव से गुजर रही है। हालांकि भारत से हारने के बाद श्रीलंका ने पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में 2-0 से हरा दिया। लेकिन श्रीलंका की इस जीत के पीछे खिलाड़ियों का नहीं बल्कि काला जादू का हाथ माना जा रहा है। जी हां, दरअसल मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक गंगा जोजिया नाम की एक महिला तांत्रिक ने दावा किया है कि श्रीलंकाई टेस्ट कप्तान दिनेश चांडीमल पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतने के लिए उनके पास आए थे और पाकिस्तानी टीम पर जादू कराया था।
जोजिया के मुताबिक दिनेश चांडीमल को किसी और ने नहीं बल्कि खुद श्रीलंका के मंत्री दयासिरी जयासेकारा ने भेजा था। इस बात का खुलासा खुद जोजिया ने ही किया है। अपने फेसबुक पेज पर अपने घर का दिनेश चांडीमल का फोटो शेयर करते हुए लिखा- पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने के लिए रवाना होने से पूर्व चंदीमल से मुलाकात हुई।' जोजिया ने आगे लिखा, 'चांदीमल को मेरे पास भेजने के लिए मंत्री दयासिरी जयासेकारा का शुक्रिया, मैं श्रीलंका क्रिकेट का सुनहरा दौर लाने की कोशिश करूंगी।'
बता दें कि ये फोटो जोजिया ने 6 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में श्रीलंका की जीत के बाद शेयर की थी। हालांकि श्रीलंका के खेलमंत्री दयासिरी जयासेकारा ने इस बात का खंडन किया है कि पाकिस्तान के खिलाफ हाल ही में श्रीलंका की टेस्ट सीरीज जीत के लिए जादू-टोने का सहारा लिया गया था। जयासेकारा ने इस मामले में तांत्रिक के खिलाफ मानहानि का केस करने की धमकी दी है। जयासेकारा द्वारा कानूनी कार्रवाई की धमकी के बाद बुधवार तक जोजिया ने अपने दोनों फेसबुक पोस्ट हटा लिए।
इसे भी पढ़ेंः- VIDEO: धवन को TV पर नेशनल एंथम गाता देख झूम उठा जोरावर, गब्बर ने कहा- जिसने प्यार नहीं किया उसने खाक किया