लंदन। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में रविवार को दक्षिण अफ्रीका को मात देने के बाद भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई है। करो या मरो के मुकाबले में टीम इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और अफ्रीका की बुरी तरह से धज्जियां उड़ा दी।
मैच की जीत से गदगद कप्तान कोहली ने भी टीम के प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह टीम का टूर्नामेंट के इस संस्करण में अभी तक का सर्वश्रेष्ठ मैच है। कोहली को यहां टीम में एक भी गलती नहीं नजर आई, हालांकि इससे पहले भी जब भारत ने पाकिस्तान को हराया था, तब इंडियन कप्तान ने कहा था कि टीम ने अच्छा खेला लेकिन फील्डिंग में सुधार की जरूरत है।
टीम में कोई कमी नजर नहीं आई
लेकिन रविवार को हुए मुकाबले में उन्हें टीम में कोई कमी नजर नहीं आई। गौरतलब है कि भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से मात देकर चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। ये मैच काफी अहम था क्योंकि अगर ये मैच इंडिया हारती तो वो टूर्नामेंट से आउट हो जाती।
कोहली ने कहा कि टॉस जीतना अच्छा रहा
मैच के बाद कोहली ने कहा कि टॉस जीतना अच्छा रहा। विकेट में ज्यादा बदलाव नहीं आया। इस पर बल्लेबाजी अच्छी हो रही थी। फील्डिर्स ने गेंदबाजों का साथ दिया। टीम अब पीछे मुड़कर नहीं देखेगी और सुधार करते हुए आगे बढ़ेगी।