नई दिल्ली। इंग्लैंड में जारी काउंटी चैम्पियनशिप को कोरोना वायरस ने अपनी जकड़ में ले लिया है, जिसके चलते अब तक दो खिलाड़ी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। काउंटी चैम्पियनशिप में खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज और मिडलसेक्स की टीम के कप्तान पीटर हैंडसकॉम्ब के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद अब डर्बीशायर की टीम का एक खिलाड़ी कोरोना वायरस की चपेट में आ गया है। डर्बीशायर के इस खिलाड़ी के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के बाद काउंटी चैम्पियनशिप में ससेक्स के खिलाफ खेले जा रहे मैच को बीच में ही रोक कर रद्द कर दिया गया है।
रविवार से शुरू हुए इस मैच में डर्बीशायर की टीम ने पहले दिन सिर्फ 146 रन बनाये थे और ऑल आउट हो गई थी, जिसके बाद एसेक्स की टीम ने 3 विकेट के नुकसान पर 86 रन बना लिये थे और दूसरे दिन पारी को आगे बढ़ाना था। काउंटी मैच को लेकर डर्बी की टीम ने खुद ही खिलाड़ी के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर की पुष्टि की।
और पढ़ें: पाकिस्तान की खराब फॉर्म पर जुनैद खान की अजीब सलाह, बताया- भारत सुधार सकता है पाकिस्तान का खेल
उन्होंने कहा, 'एसेक्स के खिलाफ खेले गये मैच के पहले दिन की शाम को कराये गये टेस्ट के रिजल्ट में एक खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, जिसके चलते मैच को बीच में ही रोकने का फैसला लिया गया है और खिलाड़ियों को क्वारंटीन कर दिया गया है।'
गौरतलब है कि डर्बीशायर के टीम मैनेजमेंट ने कोरोना संक्रमित खिलाड़ी के नाम का खुलासा नहीं किया है लेकिन उस खिलाड़ी समेत संपर्क में आये सभी खिलाड़ियों को सेल्फ आइसोलेशन में भेज दिया है। इसके साथ ही डर्बीशायर ने सभी फैन्स को उनकी टिकट के पैसे वापस करने का भी ऐलान किया है।
आपको बता दें कि मिडलसेक्स के कप्तान पीटर हैंडसकॉम्ब के कोरोना वायरस के पॉजिटिव होने के बाद लिसेस्टरशायर के खिलाफ खेले गए मैच के ग्रुप दो से बाहर हो गये हैं। अब टीम ने आयरलैंड के तेज गेंदबाज टिम मुर्तग को टीम का कप्तान बनाया है।