नई दिल्ली। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड की ओर से आयोजित की जाने वाली कैरिबियन प्रीमियर टी20 लीग के 2021 सीजन का आगाज हो गया है और सीपीएल की डिफेंडिंग चैम्पियन टीम त्रिनिबागो नाइट राइडर्स (टीकेआर) का सामना टूर्नामेंट में पहली बार खेल रही बारबाडोस रॉयल्स से हुआ, जिसमें टीकेआर की टीम ने कप्तान कायरन पोलार्ड की अर्धशतकीय पारी और इसुरु उडाना के 5 विकेट हॉल के दम पर बारबाडोस रॉयल्स को 6 विकेट से हरा दिया। बारबाडोस रॉयल्स की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
हालांकि बारबाडोस रॉयल्स के लिये पहले बल्लेबाजी करने का फैसला उनके पक्ष में नहीं गया। त्रिनबागो की टीम के लिये इसुरु उडाना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 21 रन देकर 5 विकेट हासिल किये और पूरी टीम को 122 रनों पर समेट दिया।
और पढ़ें: CPL 2021: रसेल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर थलाइवाज ने रचा इतिहास, हासिल की सीपीएल की सबसे बड़ी जीत
जवाब में त्रिनबागो की टीम को रनों का पीछा करते हुए थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा लेकिन कायरन पोलार्ड और दिनेश रामदीन की पारियों के दम पर डिफेंडिग चैम्पियन ने आसानी से जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल्स की टीम को धीमी शुरुआत मिली और पावरप्ले के अंत तक उसने एक विकेट खोकर 37 रन का स्कोर खड़ा किया। रॉयल्स की ओर से जॉनसन चार्ल्स पहला शिकार हुए।
हालांकि इसुरु उडाना के डबल अटैक से उनका वापस निकल पाना मुश्किल रहा, उडाना ने जेसन होल्डर और ग्लेन फिलिप्स को एक ही ओवर में आउट कर वापस भेज दिया। आजम खान की ओर से ताबड़तोड़ 30 रनों की पारी के चलते ऐसा लगा जैसे कि बारबाडोस की टीम बड़े स्कोर की ओर जा सकती है, लेकिन तभी इसुरु उडाना ने आजम खान और थिसारा परेरा का विकेट लेकर सीपीएल 2021 का पहला 5वां विकेट हॉल अपने नाम किया।
इसके बाद रॉयल्स के बाकी विकेट ताश के पत्तों की तरह बिखर गये और पूरी टीम महज 122 रन पर ऑल आउट हो गई। वहीं रनों का पीछा करने उतरी त्रिनबागो की टीम ने पावरप्ले के अंदर अपने 3 विकेट खो दिये। मोहम्मद आमिर ने पावरप्ले के दौरान शानदार गेंदबाजी की और पहले ओशाने थॉमस और फिर टिम सेफर्ट को डीप स्क्वॉयर लेग पर कैच कराकर आउट किया।
टीकेआर की टीम ने महज 38 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये थे जिसके बाद वह मुश्किल स्थिति में नजर आ रही थी लेकिन तभी कप्तान कायरन पोलार्ड ने जिम्मेदारी ली और इस चेज से ड्रामे को बाहर कर 30 गेंदों में 58 रन की पारी खेली। पोलार्ड को अनुभवी बल्लेबाज दिनेश रामदीन का सहारा मिला और दोनों ने पांचवे विकेट के लिये 57 गेंदों में नाबाद 87 रनों की साझेदारी कर टीम को आसानी से जीत दिला दी।