
मुल्तान में लारा ने की कनेरिया की पिटाई
इंजमाम उल हक ने अपने बयान में कहा था कि साल 2006 में मुल्तान टेस्ट के दौरान ब्रायन लारा ने दानिश कनेरिया की गेंदों को आसानी से खेला और बाउंड्रीज लगाई। वेस्टइंडीज की टीम के लिये ब्रायन लारा ने 216 रनों की पारी खेली और टीम का स्कोर 591 पहुंचा कर मैच को ड्रॉ कराया। इस ड्रॉ मैच में पाकिस्तान ने 357 रन बनाए थे।
इंजमाम ने इंटरव्यू में कहा, 'दानिश ने गुगली फेंकी, लारा ने इसे गेंदबाज की तरफ खेला। उस पल दानिश ने कहा, बहुत अच्छा खेले लारा। लारा ने जवाब दिया, ओके सर, लेकिन अगली तीनों गेंदों को लारा ने सीमा पार पहुंचा दिया।'

हमने लारा को छेड़ा तो उन्होंने हमें कहीं का नहीं छोड़ा
यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए इंजमाम उल हक ने कहा कि मुझे लगा कि अगर लारा को छेड़ा जाये तो वह गलती कर सकते हैं लेकिन जब हमने ऐसा किया तो उन्होंने हमें कहीं का नहीं छोड़ा।
उन्होंने कहा, 'उस समय में टीम का कप्तान था। मैं कनेरिया के पास गया और उन्हें कहा कि लारा को थोड़ा और छेड़ो ताकि वह उत्तेजित होकर गलत शॉट खेलें। मुझे लग रहा था लारा गुस्से में हैं इसलिए वह अपनी विकेट गंवा सकते हैं। मैंने सीमा पर फील्डर खड़े किए, ताकि वह बड़े शॉट खेले और आउट हो जाए, लेकिन उन्होंने दानिश की गेंदों को हर दिशा में खेला।'

इंजमाम के वार पर कनेरिया का पलटवार
दानिश कनेरिया की गेंदबाजी को लेकर इंजमाम उल हक की ओर से दिये गये इस बयान के बाद इस स्पिन गेंदबाज ने ट्विटर के जरिये पलटवार किया।
उन्होंने लिखा, 'मैंने लारा को अपने करियर में 5 बार आउट किया। अगर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से उन्हें सहयोग मिला होता तो वह 276 अंतरराष्ट्रीय विकेट से कहीं ज्यादा विकेट ले सकता था।'

इस वजह से विवादों में आये थे दानिश कनेरिया
गौरतलब है कि दानिश कनेरिया पिछले साल उस वक्त विवादों से भरी चर्चा का विषय बने जब उन्होंने शोएब अख्तर के उस बयान का समर्थन किया जिसमें उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम में कुछ खिलाड़ी धर्म के आधार पर भेदभाव करते थे।
आपको बता दें कि दानिश कनेरिया पाकिस्तान क्रिकेट टीम में खेलने वाले दूसरे हिन्दू खिलाड़ी थे। उन्होंने अपने 10 साल के करियर में 261 टेस्ट और 15 वनडे विकेट चटकाये। हालांकि स्पॉट फिक्सिंग के मामले में शामिल होने के आरोपों के चलते इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने उन पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया गया जिसके बाद वह किसी भी तरह के क्रिकेट में भाग नहीं ले पाए। 2013 में उन्होंने प्रतिबंध के खिलाफ अपील की, लेकिन उसे भी खारिज कर दिया गया।


Click it and Unblock the Notifications
