
एक ओवर में 2 रन देकर झटके 2 विकेट
आईपीएल में अपनी पुरानी टीम किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ अपना पहला मैच खेलन उतरे रविचंद्रन अश्विन पारी का छठा और पावरप्ले का आखिरी ओवर फेंकने आये। उन्होंने अपने ओवर की पहली ही गेंद पर करुण नायर और फिर इसी ओवर में निकोलस पूरन को बोल्ड करके 2 विकेट हासिल किये। सीमित ओवर्स प्रारूप में पिछले काफी समय से बाहर चल रहे किसी भी गेंदबाज के लिये यह ड्रीम कम बैक हो सकता है और शायद अगर वो आज के मैच में अपना स्पेल पूरा कर पाते तो बेशक यह उनके आईपीएल करियर का बेस्ट स्पेल होता, हालांकि ऐसा हो न सका।

अश्विन का कंधा हुआ चोटिल, मैच से हुए बाहर
अश्विन अपने ओवर में शानदार गेंदबाजी कर रहे थे और तभी उन्होंने ओवर की आखिरी गेंद फेंकी, मैक्सवेल ने इसे मिड लेग की दिशा में धीरे से खेल दिया, इस गेंद को रोकने के प्रयास में अश्विन ने डाइव मारी लेकिन इस चक्कर में वह अपना कंधा चोटिल कर बैठे। अश्विन के कंधे में इतनी बुरी तरह चोट लगी थी कि वह मैदान पर ही दर्द से कराहते हुए लेट गये। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स की टीमके फिजियो पैट्रिक फरहार्ड मैदान पर आये और उनके हाथों को होल्डर के सहारे बांधा और मैदान से बाहर चले गये। इसके बाद अश्विन मैदान पर वापसी नहीं कर सके।
श्रेयस अय्यर ने उनके बचे हुए ओवर्स को अक्षर पटेल से कराया जिन्होंने काफी कसी गेंदबाजी की और टीम को मैच में बनाये रखा। हालांकि अश्विन की चोट को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि वह कब तक फिट हो सकते हैं।

आखिरी गेंद तक जारी रहा रोमांच का फीवर
गौरतलब है दिल्ली की टीम ने मोहम्मद शमी की अगुवाई वाली पंजाब के टीम के सामने अच्छी शुरुआत नहीं की और महज 13 रन पर ही अपने 3 विकेट खो दिया। हालांकि श्रेयस अय्यर (39) और ऋषभ पंत (31) ने पारी को संभाला और अंत में मार्कस स्टॉयनिस की धुंआधार 21 गेंदों में 53 रनों की पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 157 रनों का स्कोर खड़ा किया। वहीं पंजाब की टीम ने सधी शुरुआत करते हुए बिना विकेट खोये 30 रन बना लिये थे, हालांकि तभी उसकी टीम लड़खड़ा गई और उसने अपने 5 विकेट अगले 25 रन के अंदर खो दिये। हालांकि दूसरे छोर पर खड़े मयंक अग्रवाल ने 89 रनों की जुझारू पारी खेलकर मैच का टाई कराया लेकिन टीम को सुपरओवर में हार से नहीं बचा सके।


Click it and Unblock the Notifications