मेलबर्न। इस समय टीम इंडिया अपने जबरदस्त फार्म में हैं, वो जीत का छक्का जड़कर विश्वकप के क्वाटर फाइनल में अपनी जगह महफूज कर चुकी है लेकिन टीम इंडिया में एक प्लेयर ऐसा भी है जो कि बिना रन बनाये स्टार बना हुआ है। आपने सही समझा हम बात कप रहे हैं ओपनर रोहित शर्मा की, जिनका बल्ला उम्मीद के हिसाब से अभी विश्वकप में चला नहीं है।
लेकिन कैप्टन धोनी की नजर में यह कोई बड़ी बात नहीं हैं। एकदिवसीय मैचों में दोहरा शतक जड़ने वाले रोहित शर्मा का बचाव करते हुए कैप्टन धोनी ने कहा कि अभी तक खेले गये सभी विश्वकप मैचों में हमने ज्यादा से ज्यादा लक्ष्य का पीछा किया है और वो लक्ष्य ज्यादा बड़े नहीं थे, ऐसे में रोहित शर्मा कौन सी बड़ी पारी खेलते?
कभी-कभी बड़ी पारी से ज्यादा महत्व रखता है कि ओपनर कैसी शुरूआत टीम को देते हैं जिससे बाद के बल्लेबाजों पर से प्रेशर कम हो जाता है और मुझे खुशी है कि रोहित शर्मा बखूबी वो काम कर रहे हैं। उनका फार्म में वापस आना बड़ी बात नहीं है, मेरे लिए वो एक स्टार हैं।
मालूम हो कि रोहित ने अब तक विश्व कप 2015 के छह ग्रुप मैचों में 31.08 के औसत से महज 159 रन बनाए हैं। रोहित के बल्ले से रन नहीं निकल रहे हैं जिसके कारण क्रिकेट के दिग्गजों के बीच में वो चर्चा का विषय बने हुए हैं।