For Quick Alerts
ALLOW NOTIFICATIONS  
For Daily Alerts
 

AUS vs ENG: जोस बटलर की आंधी में उड़ी ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड ने 8 विकेट से हराया

T20 World Cup
Photo Credit: Twitter/T20WorldCup

नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप के 26वें मैच में फैन्स को ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की बीच मिनी एशेज का नजारा देखने को मिला, जिसमें इंग्लैंड की टीम ने 8 विकेट से हराकर टी20 विश्वकप में ऑस्ट्र्रेलिया के खिलाफ अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की है। इंग्लैंड की टीम ने दुबई के मैदान पर खेले गये इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और शानदार गेंदबाजी के दम पर पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को निर्धारित 20 ओवर में महज 125 रन के स्कोर पर समेट दिया। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने इस स्कोर को महज 11.4 ओवर्स में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया और ग्रुप 1 की तरफ से टेबल टॉपर के रूप में अपनी सेमीफाइनल की सीट लगभग पक्की कर ली है।

वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम पर यह हार काफी भारी पड़ी है और वो अंकतालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। वहीं साउथ अफ्रीका की टीम अब दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। टी20 क्रिकेट के इतिहास में गेंदो के लिहाज से यह इंग्लैंड की टीम की तीसरी सबसे बड़ी जीत है जिसमें 126 रनों का पीछा करते हुए उसने 50 गेंद पहले लक्ष्य हासिल किया है। इंग्लैंड ने इसी विश्वकप में वेस्टइंडीज के खिलाफ 56 रनों का पीछा करते हुए 70 गेंद पहले जीत हासिल की थी जो कि इस फेहरिस्त में टॉप पर काबिज है तो वहीं पर इसी साल वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में इंग्लैंड ने 72 रनों का पीछा करते हुए 57 गेंद पहले मैच अपने नाम किया था।

और पढ़ें: 'भारत-पाक मैच के दौरान वेंटिलेटर पर थी उसकी मां', बाबर आजम के पिता ने किया बड़ा खुलासा

दुबई के मैदान पर खेले गये इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने काफी खराब शुरुआत की और महज 21 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये थे, जिसके बाद एरॉन फिंच (44), मैथ्यू वेड (18), एश्टन एगर (20), पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क (13) की अहम पारियों ने कंगारू टीम को 125 रन के स्कोर तक पहुंचाया।

वहीं रनों का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने विस्फोटक शुरुआत की और टी20 विश्वकप 2021 में खेले गये अब तक के मैचों में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करते हुए 66 रन जोड़ डाले। इंग्लैंड के लिये सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने विस्फोटक पारी खेली और महज 25 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। यह इस टूर्नामेंट में लगाया गया अब तक का सबसे तेज अर्धशतक है। बटलर ने छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और 32 गेंदों में 71 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच को एकतरफा कर दिया। बटलर ने अपनी पारी में 5 चौके और 5 बड़े छक्के लगाये, जिसके चलते ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को वापसी करने का मौका ही नहीं मिल सका।

और पढ़ें: अनफिट हार्दिक पांड्या को बैक करने से भड़के पूर्व भारतीय क्रिकेटर, टीम मैनेजमेंट से पूछे तीखे सवाल

इंग्लैंड के लिये जोस बटलर के अलावा जेसन रॉय ने 20 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाकर 22 रनों की पारी खेली तो वहीं पर जॉनी बेयरस्टो ने 11 गेंदों में 2 छक्के लगाकर 16 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की टीम ने जिस तरह से जीत हासिल की उससे ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट नेगेटिव में चला गया है और अब उसके लिये सेमीफाइनल की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है। वहीं इयोन मोर्गन की टीम ने अपने प्रदर्शन से साफ कर दिया है कि वो विश्वकप का खिताब जीतने के क्यों बड़े दावेदार हैं।

Story first published: Saturday, October 30, 2021, 22:52 [IST]
Other articles published on Oct 30, 2021
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+