
17वें ओवर में एंडरसन से भिड़े कोहली
यह घटना भारतीय टीम की दूसरी पारी के 17वें ओवर की है जब एंडरसन अपना 9वां ओवर फेंकने आये थे। ओवर की चौथी गेंद फेंकने के बाद कोहली ने जेम्स एंडरसन के पिच पर दौड़ने को लेकर अपनी नाराजगी दर्ज की जिसके जवाब में तेज गेंदबाज ने भी कुछ कहा और यह जुबानी जंग अगली गेंद पर भी जारी रही। इस जुबानी जंग की आवाज स्टंप माइक में कैद हो गई और पेसर के स्पेल के खत्म होने के साथ ही इसका भी समापन हुआ।
स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई आवाज में विराट कोहली कहते सुनाई दे रहे हैं कि आप एक बार फिर से मेरे खिलाफ कसम खाते नजर आ रहे हो, जैसा कि बुमराह के खिलाफ खा रहे थे। आप पिच पर दौड़ नहीं सकते, यह आपके घर के पीछे का खाली आंगन नहीं है। कोहली के ऐसा कहने पर एंडरसन ने भी उन्हें कुछ कहा जो कि स्टंप माइक में रिकॉर्ड नहीं हुआ लेकिन रिएक्शन से यह गर्मागर्मी से भरा लगा।

पिच पर दौड़ने को लेकर कोहली ने सुनाई बात
वहीं 5वीं गेंद के बाद एंडरसन एक बार फिर से उन्हें कुछ कहते नजर आये जिसके बाद विराट कोहली जवाब में कहते नजर आये कि बक, बक, बक.. जब आप बूढ़े होने लगते हो तो यही एक चीज कर पाते हो। गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

जारी रहा कोहली के बल्ले से रनों का अकाल
इस बीच लॉर्डस के मैदान पर एक बार फिर से विराट कोहली के बल्ले से रनों का सूखा ही नजर आया। चौथे दिन के पहले सत्र में भारतीय टीम ने सिर्फ 56 रन बनाये और अपने 3 अहम विकेट खो दिये। तेज गेंदबाज मार्क वुड ने सलामी बल्लेबाज केएल राहुल (5) और रोहित शर्मा (21) का विकेट लेकर भारतीय टीम को दो जल्दी झटके दिये, जिसके बाद कप्तान विराट कोहली मैदान पर उतरे।
विराट कोहली (20) चार चौके लगाकर अच्छी लय में नजर आ रहे थे लेकिन सैम कर्रन की बाहर जाती गेंद पर शॉट खेलने के चक्कर में विकेटकीपर जोस बटलर को अपना कैच थमा बैठे। भारतीय टीम ने लंच का खेल खत्म होने तक 3 विकेट खोकर 56 रन बना लिये थे और इंग्लैंड की टीम के 27 रनों की बढ़त के चलते उसकी बढ़त 29 रन की हो सकी। लॉर्डस टेस्ट में भारतीय टीम फिलहाल खतरे में नजर आ रही है।


Click it and Unblock the Notifications