नई दिल्ली। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल से पहले खेली जाने वाली 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान पर खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड के लिये कप्तान केन विलियम्सन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच से पहले कीवी टीम के लिये यह सीरीज काफी अहम साबित होने वाली है। कीवी टीम इन दोनों मैचों में इंग्लिश परिस्थितियों को अच्छे से जानने के अलावा अपनी टीम के खिलाड़ियों की परख भी करने वाली है ताकि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में वह अपनी बेस्ट 11 के साथ उतर सके।
इस मैच के दौरान एक और खास चीज देखने को मिली जिसने सभी फैन्स का ध्यान अपनी ओर खींचने का काम किया। इस मैच के दौरान इंग्लैंड के सभी खिलाड़ी काली टी शर्ट पहनकर उतरे, जिसके बाद सब यह सवाल करने लगे कि आखिर किस कारण से इंग्लिश प्लेयर्स ने काली टी शर्ट पहनने का काम किया।
और पढ़ें: ENG vs NZ: लॉर्डस में जेम्स एंडरसन ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले पहले इंग्लिश प्लेयर बने
उल्लेखनीय है कि इंग्लिश प्लेयर्स के न्यूजीलैंड के खिलाफ इस टेस्ट मैच में काली टी-शर्ट पहनने के पीछे एक खास मकसद था। इंग्लिश प्लेयर्स इसके जरिये खेल जगत में होने वाले किसी भी प्रकार के भेदभाव के खिलाफ अपना विरोध प्रकट कर रहे थे जिसके लिये उन्होंने काली टी शर्ट पहनकर उतरने का फैसला किया।
गौरतलब है कि पिछले साल अमेरिका में एक ब्लैक अमेरिकी नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद पूरी दुनिया में ब्लैक लाइवस मैटर का अभियान चला जिसमें खेल जगत में रंगभेद का शिकार हुए लोगों के खिलाफ आवाज उठाई गई। इस अभियान के दौरान वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ियों ने अपने साथ हुए भेदभाव को लेकर कई खुलासे किये।
और पढ़ें: ENG vs NZ: लॉर्डस में न्यूजीलैंड ने जीता टॉस, 3 खिलाड़ियों को मिला डेब्यू का मौका
आपको बता दें कि इस दौरान दुनिया भर की टीमों ने ब्लैक लाइवस मैटर को अपना समर्थन दिया था और अपना समर्थन दिखाने के लिये अपनी जर्सी के साथ ब्लैक बैंड्स या काली पट्टी बांधकर उतरे थे। इस मैच के दौरान 3 खिलाड़ियों ने डेब्यू किया जहां न्यूजीलैंड की टीम के लिये डेवॉन कॉन्वे ने डेब्यू किया तो वहीं पर इंग्लैंड के लिये ऑली रॉबिन्सन और जेम्स ब्रेसी ने डेब्यू करने का काम किया।