SA vs ENG: कगिसो रबाडा की हैट्रिक से साउथ अफ्रीका ने जीता रोमांचक मैच, सेमीफाइनल में इंग्लैंड-ऑस्ट्रेलिया
नई दिल्ली। यूएई में खेले जा रहे टी20 विश्वकप में शनिवार को साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की टीम के बीच बेहद रोमांचक मैच देखने को मिला जिसके नतीजे पर सेमीफाइनल के क्वालिफिकेशन का समीकरण भी टिका हुआ था। शारजाह के मैदान पर खेले गये इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका की टीम को पहले बल्लेबाजी के लिये बुलाया और टेंबा बावुमा की टीम ने रासी वॉन डार दुसैं (नाबाद 94) और एडेन मार्करम (नाबाद 54) की नाबाद अर्धशतकीय पारियों के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 2 विकेट खोकर 189 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में 190 रनों का पीछा कर रही इंग्लैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 8 विकेट खोकर 179 रन ही बना सकी और 10 रनों से मैच हार गई।
और पढ़ें: IPL के बाद अब SMAT में भी जमकर बोल रहा है गायकवाड़ का बल्ला, जन्मदिन पर इस खिलाड़ी ने चटकाई हैट्रिक
इस जीत के साथ ही साउथ अफ्रीका की टीम ने 8 अंक पूरे कर लिये लेकिन सेमीफाइनल की रेस में वह आगे नहीं बढ़ सकी। उल्लेखनीय है कि ग्रुप 1 में साउथ अफ्रीका की जीत के बाद तीन टीमों के पास 8-8 अंक रहे लेकिन नेट रन रेट के मामले में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की टीम ने बाजी मारकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

बेहतर नेट रन रेट के चलते ऑस्ट्रेलिया-इंग्लैंड ने किया क्वालिफाई
साउथ अफ्रीका की टीम को सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने के लिये इंग्लैंड की टीम को 131 रनों से पहले रोकना था लेकिन ऐसा हो नहीं सका और इंग्लैंड को हराने के बावजूद साउथ अफ्रीकी टीम को सेमीफाइनल में जगह नहीं मिल सकी। शारजाह के मैदान पर बल्लेबाजों के लिये रन बनाना आसान नहीं रहा है तो वहीं पर शाम के मैच में दूसरी पारी में गेंदबाजी करना बहुत मुश्किल रहा है, लेकिन उसके बावजूद साउथ अफ्रीका की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और आखिरी ओवर के रोमांच में जीत हासिल कर जीत के साथ अपने विश्वकप कैंपेन का खत्म किया। इंग्लैंड की टीम ने +2.464, ऑस्ट्रेलिया की टीम ने +1.216 और साउथ अफ्रीका की टीम ने +0.739 के नेट रन रेट के साथ कैंपेन को खत्म किया। इंग्लैंड की टीम को इस मैच से पहले एक भी मैच में हार का सामना नहीं करना पड़ा था जबकि साउथ अफ्रीका की टीम ने अपने पहले ही मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों आखिरी ओवर में हार का सामना किया था।
उल्लेखनीय है कि टी20 विश्वकप में अब पाकिस्तान की टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा तो वहीं पर इंग्लैंड की टीम ग्रुप 2 से दूसरे पायदान पर सेमीफाइनल में क्वालिफाई करने वाली दूसरी टीम से भिड़ेगी।

रासी वॉन डार दुसैं ने रखी जीत की नींव
शारजाह के मैदान पर खेले गये इस मैच में साउथ अफ्रीकी टीम के लिये रासी वॉन डार दुसैं ने जीत की नींव रखी और 60 गेंदों में नाबाद 94 रनों की पारी खेली, तो वहीं पर एडेन मार्करम ने महज 24 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर नाबाद 54 रनों की पारी खेल डाली। इन दोनों बल्लेबाजों ने साउथ अफ्रीकी टीम के लिये 10 छक्के और 7 चौके लगाये और तीसरे विकेट के लिये 52 गेंदों में नाबाद 103 रनों की साझेदारी कर डाली। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा क्विंटन डिकॉक ने भी 27 गेंदों में 4 चौके लगाकर 34 रनों की पारी खेली। इन खिलाड़ियों के दम पर साउथ अफ्रीकी टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 2 विकेट खोकर 189 रनों का स्कोर खड़ा किया।

रबाडा ने हैट्रिक लेकर दिलाई जीत, नाम किया बड़ा रिकॉर्ड
रनों का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने जेसन रॉय (20) और जोस बटलर (26) के साथ पारी की विस्फोटक शुरुआत की, हालांकि कॉल्फ में खिंचाव के चलते जेसन रॉय को रिटायर हर्ट होकर वापस जाना पड़ा। इसके बाद एनिरच नॉर्खिया ने खतरनाक लग रहे जोस बटलर को बावुमा के हाथों कैच कराकर पहला झटका दिया। अगले ही ओवर में तबरेज शम्सी ने जॉनी बेयरस्टो को भी एलबीडब्लयू कर इंग्लैंड को दूसरा झटका दिया। जैसे लगा कि मैच साउथ अफ्रीका की पकड़ में आ रहा है तभी मोइन अली (37) ने तेजी से रन बनाना शुरू कर दिया और तीसरे विकेट के लिये 51 रनों की साझेदारी कर डाली।
शम्सी ने एक बार फिर से अपनी टीम की वापसी करायी और मोइन अली का विकेट लेकर चौथा झटका दिया। यहां से मैच लगातार इंग्लैंड के पक्ष में जाता नजर आया और लियाम लिविंगस्टोन ने रबाडा के एक ओवर में लगातार 3 छक्के लगाकर मैच को लगभग एकतरफा कर दिया था। हालांकि ड्वेन प्रटॉरियस ने डेविड मलान (33) और लिविंगस्टोन (28) का विकेट लेकर टीम की वापसी कराई। आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिये 16 रन की दरकार थी लेकिन कगिसो रबाडा ने अपनी पहली 3 गेंदों में 3 विकेट लेकर साउथ अफ्रीका के लिये इस प्रारूप में हैट्रिक चटकाने वाले पहले गेंदबाज बन गये हैं। इतना ही नहीं वह इस टी20 विश्वकप में हैट्रिक लेने वाले तीसरे और ओवरऑल चौथे गेंदबाज बन गये हैं। रबाडा ने इयोन मोर्गन (17), क्रिस वोक्स (7) और क्रिस जॉर्डन (0) का विकेट लेकर अपनी हैट्रिक पूरी की और अपनी टीम को 10 रन से मैच में जीत दिलायी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications