
जल्द भारतीय फैन्स कहेंगे हमारे पास बाबर-रिजवान जैसे खिलाड़ियों की कमी
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के इन बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने इस जोड़ी की जमकर तारीफ की है और कहा कि जल्द ही भारतीय यह कहते नजर आयेंगे कि हमारे पास बाबर और रिजवान जैसे खिलाड़ी नहीं हैं।
पीटीवी स्पोर्टस से बात करते हुए राशिद लतीफ ने कहा,'एक साल पहले तक हम लोग कहा करते थे कि पाकिस्तान के पास विराट कोहली, रोहित शर्मा और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी नहीं है, खासतौर से टी20 क्रिकेट में, लेकिन अब मुझे लगता है कि कुछ समय बाद भारतीय फैन्स यह कहते नजर आयेंगे कि हमारे पास रिजवान और बाबर जैसे खिलाड़ी नहीं हैं।'

पहले इस जोड़ी की आलोचना कर चुके हैं लतीफ
गौरतलब है कि साल की शुरुआत में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ और इंजमाम उल हक ने बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के धीमी गति से रन बनाने की आलोचना की थी, जिसका जवाब इस जोड़ी ने तेजी से रन बनाकर दिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मैच कैरिबियाई टीम ने 203 रनों का स्कोर खड़ा किया था, जिसे पाकिस्तान की टीम ने इस जोड़ी के दम पर 18.5 ओवर्स में ही जीत लिया।
लतीफ ने अपनी पिछली राय पर बात करते हुए कहा,'पहले हमने बाबर और रिजवान के रन बनाने की गति को लेकर अपने विचार तय रखे थे लेकिन जिस तरह से उन्होंने इसमें सुधार करते हुए गति को बढ़ाने का काम किया है वह काबिल ए तारीफ है।'

2021 में लगा दी रिकॉर्डों की झड़ी
उल्लेखनीय है कि इस साल टी20 प्रारूप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में जहां मोहम्मद रिजवान सबसे टॉप पर काबिज हैं तो वहीं पर बाबर आजम 1779 रनों के साथ दूसरे पायदान पर हैं। टी20 विश्वकप 2021 के दौरान बाबर आजम ने 6 मैचों में 60.60 की औसत और 126.25 की स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाये और डेब्यू टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बाबर आजम इस समय वनडे क्रिकेट के नंबर 1 बल्लेबाज हैं और टी20 रैंकिंग में भी पहला स्थान हासिल करने में कामयाब रहे हैं।
निजी रिकॉर्ड के अलावा इन दोनों खिलाड़ियों ने बतौर जोड़ी के रूप में भी शानदार काम किया और अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 6 शतकीय साझेदारी करने वाली पहली जोड़ी बनी। बाबर-रिजवान की जोड़ी ने इस मामले में रोहित शर्मा और शिखर धवन के रिकॉर्ड को तोड़ा जिनके नाम पारी का आगाज करते हुए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने का रिकॉर्ड था।


Click it and Unblock the Notifications
