
क्या टी20 विश्व कप में खेलेंगे एमएस धोनी
माही के करीबी दोस्त मनीष वर्धन सिंह के अनुसार एमएस धोनी आगामी टी20 विश्व कप में जरूर खेलते नजर आयेंगे, हालांकि धोनी ने इस बात को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
माई खेल से बात करते हुए मनीष वर्धन सिंह ने कहा,' माही में अभी बहुत क्रिकेट बचा है और मुझे यकीन है कि वह अभी भी भारत में वापसी करने में सक्षम है क्योंकि वह इतना महान खिलाड़ी है। वह आईपीएल के लिए बहुत मेहनत कर रहा था लेकिन दुर्भाग्य से, कोरोनो वायरस महामारी के कारण इस लॉकडाउन ने उनके मैदान पर वापसी को भी स्थगित कर दिया। मुझे अब भी विश्वास है कि वह ऑस्ट्रेलिया में टी 20 विश्व कप में टीम इंडिया के लिये एक बार फिर से ब्लू जर्सी में खेलते नजर आयेंगे और उसके बाद संन्यास के बारे में सोचेंगे।'

भारत के लिये मैच खेलकर ही लेंगे संन्यास
उल्लेखनीय है कि एमएस धोनी ने अपनी कप्तानी में आईसीसी की सभी ट्रॉफियां भारत को जिताई हैं और वह ऐसा करने वाले इकलौते कप्तान हैं। हालांकि पिछले काफी समय से मैदान से दूर रहने के चलते फैन्स के मन में उनके संन्यास को लेकर अटकलें चल रही हैं। इस बीच माही के दोस्त ने साफ किया कि वह भारत के लिये संन्यास क्रिकेट के मैदान पर ही लेंगे।
उन्होंने कहा,'हम उन्हें अच्छी तरह से जानते हैं, वह हमेशा खुद से पहले टीम को रखते हैं। वह जमीन से जुड़ा है और हम यह समझते हैं कि धोनी कभी भी टीम में खुद को नहीं थोपेगा। हालांकि हम सभी ने उससे क्रिकेट पिच पर संन्यास लेने का अनुरोध किया है। इसलिये नहीं कि वलह एक दिग्गज है बल्कि इसलिये कि वह अभी भी भारत को मैच जिताने में सक्षम है और टीम की जीत में योगदान दे सकते हैं। वह एक ऐसे खिलाड़ी हैं जो एक शानदार विदाई के हकदार हैं।'

धोनी को था आईपीएल का इंतजार, अब चयनकर्ताओं पर वापसी निर्भर
गौरतलब है कि देश भर में लगे लॉकडाउन के दौरान एमएस धोनी भी इन दिनों परिवार के साथ वक्त बिता रहे हैं। उनके दोस्त नने बताया कि धोनी इस बार आईपीएल में वापसी करने के लिये काफी बेकरार थे और इसके लिये वह जबरदस्त तैयारियां भी कर रहे थे। इसकी तैयारियों के लिये वह मार्च में ही चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के साथ जुड़ गये थे और अभ्यास के दौरान अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे।
कोरोना वायरस के चलते आईपीएल 2020 को अनिश्चितकाल के लिए टालना पड़ा जिसके बाद धोनी की टीम में वापसी अब पूरी तरह से चयनकर्ताओं पर निर्भर है कि वह धोनी को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप में शामिल करते हैं या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications
