
भारत के अलावा कोई और टीम नहीं कर सकती यह कारनामा
पाकिस्तान के इस पूर्व खिलाड़ी का मानना है कि भारतीय टीम ने भले ही अपने मुख्य खिलाड़ियों को आराम दिया है लेकिन उसके बावजूद वह टी20 विश्वकप का फाइनल खेलने वाली कीवी टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने में कामयाब रहे हैं। यह कुछ ऐसी बात है जो कि दुनिया की किसी और टीम से देखने को नहीं मिलती। कामरान अकमल ने भारतीय टीम मैनेजमेंट की भी तारीफ की है जिसने सीनियर खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेजमेंट कर अगली सीरीज की तैयारी हो रही है।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए उन्होंने कहा,'यह भारत के लिये बहुत शानदार जीत है खास तौर से कुछ नये खिलाड़ियों के साथ। दुनिया की कोई और टीम ऐसा नहीं कर पाती है। क्योंकि भारत के पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का पूल है और वो उन्हें मौके देते रहते हैं। वो इस सीरीज के जरिये साउथ अफ्रीका दौरे के लिये अपने खिलाड़ियों को तैयार कर रहे हैं और अपना वर्कलोड मैनेज कर रहे हैं।'

बल्लेबाजी की तरह कप्तानी में भी आक्रामक हैं रोहित शर्मा
कामरान अकमल ने आगे बात करते हुए रोहित शर्मा की कप्तानी की तारीफ की और कहा कि उनकी बल्लेबाजी की ही तरह उनकी कप्तानी में भी काफी आक्रामकता नजर आती है। अपनी टीम के कई अहम खिलाड़ियों को आराम देने के बावजूद भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है और सीरीज जीत गई है। विश्वकप का फाइनल खेलकर आ रही टीम के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन तारीफ के काबिल है।
गौरतलब है कि भारतीय चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा और मोहम्मद शमी से जैसे खिलाड़ियों को आराम दिया है जिसके बावजूद भारतीय टीम ने लगातार दो मैचों में जीत हासिल की है।

भारतीय चयनकर्ताओं के फैन हुए कामरान अकमल
कामरान अकमल ने इसको देखते हुए भारतीय चयनकर्ताओं की भी जमकर तारीफ की है और कहा कि उन्होंने बहुत स्मार्ट तरीके से खिलाड़ियों को आराम देकर वर्कलोड को मैनेज किया है, साथ ही में साउथ अफ्रीकी टीम के दौरे के लिये भी खिलाड़ियों को तैयार कर रही है। कामरान अकमल का मानना है कि न्यूजीलैंड के खिलाफ युवा खिलाड़ियों को मौका देकर चयनकर्ता साउथ अफ्रीकी दौरे के लिये यंगस्टर्स की पहचान कर रही है तो साथ ही सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर उन्हें पूरी तरह से फिट करना चाह रही है।
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में वेंकटेश अय्यर और हर्षल पटेल को डेब्यू करने का मौका दिया जबकि आखिरी मैच में युजवेंद्र चहल और ईशान किशन की टीम में वापसी करायी।


Click it and Unblock the Notifications
