नई दिल्ली। महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बनी बायोपिक फिल्म में काम करने वाले एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार (14 जून) को अपने बांद्रा स्थित घर में आत्महत्या कर ली। उनकी मौत की खबर सुनकर क्रिकेट जगत से लेकर खेल जगत तक के दिग्गज खिलाड़ी भी सकते में हैं। वहीं एमएस धोनी फिल्म के लिये माही का किरदार निभाने के लिये सुशांत सिंह राजपूत को ट्रेन करने वाले पूर्व भारतीय क्रिकेटर किरण मोरे इस खबर को सुनकर सदमे में है।
महज 34 साल की उम्र में सुशांत सिंह राजपूत की दुनिया को अलविदा कहने की खबर सुनकर मोरे ने कहा, 'मैं बस यही दो शब्द कह सकता हूं कि यह चौंकाने वाली खबर है, जिस पर विश्वास नहीं हो रहा। जब आप इतनी युवा प्रतिभा के साथ काम करते हो तो आप यही सवाल पूछते हो कि ऐसा क्यों हुआ? उसने यह कदम क्यों उठाया?'
और पढ़ें: हरभजन ने सुनाया रिकी पॉन्टिंग का 12 साल पुराना चीटिंग वाला किस्सा, कहा- खुद बन गये थे अंपायर
किरण मोरे ने फिल्म के लिये 9 महीने तक सुशांत सिंह राजपूत को एक प्रोफेशनल क्रिकेटर की तरह ट्रेन किया था।
उन्होंने कहा, 'हमने एक प्यारा बच्चा, कर्मठ, शिक्षित और सफल व्यक्ति को गंवा दिया। उन्होंने उस भूमिका के लिए लगातार 9 महीने तक अभ्यास किया था। इस युवा ऐक्टर ने धोनी के हेलिकॉप्टर शॉट में महारत हासिल की। वह क्रिकेटर की तरह ट्रेनिंग करते थे। विकेटकीपिंग बहुत अलग होती है। उन्हें कई बार हाथों, बाजुओं और जांघ में गेंद लगी लेकिन वह हमेशा खेलने के लिए तैयार रहते थे। एक शानदार सफर अधूरा रह गया।'
कोरोना वायरस के चलते दुनिया भर में लोगों को मानसिक स्वास्थ्य से जु़ड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
और पढ़ें: पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दाम से बौखलाये हरभजन सिंह, गुस्से में किया ट्वीट
किरण मोरे ने मेंटल हेल्थ पर जोर देते हुए कहा,'मानसिक रूप से हमें मजबूत होना चाहिए। विशेषकर इस समय चीजें जिस तरह से चल रही हैं। हमें अपने परिवार और दोस्तों से अच्छा रिश्ता बनाए रखने की जरूरत है।'