
धोनी ने हमेशा दिया मेरा साथ
उल्लेखनीय है कि कॉफी विद करण के टीवी शो में विवादित टिप्पणी करने के चलते हार्दिक पांड्या पर बीसीसीआई ने बैन लगा दिया था जिसके बाद वह डिप्रेशन में चले गये थे और हार्दिक पांड्या के वापसी करने में धोनी ने अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा,'वह जानते हैं कि मैं किस तरह का इंसान हूं, वह जानते हैं कि मुझमें कितनी गहराई है और मैं उनके काफी करीब हूं। वह इकलौते इंसान हैं जो मुझे शांत कर सकते हैं। जब यह सब कुछ घट रहा था तो वो जानते थे कि मुझे सपोर्ट की जरूरत है। मुझे बस एक कंधे की जरूरत थी जो माही भाई ने मेरे पूरे करियर के दौरान कई बार दिया है। मैंने कभी भी उन्हें महानतम खिलाड़ी एमएस धोनी के रूप में नहीं देखा, मेरे लिये वो मेरे भाई माही हैं। मैं उनका दिल से सम्मान करता हूं क्योंकि वो हर उस जगह पर थे जब मुझे उनकी जरूरत थी।'

न्यूजीलैंड दौरे पर धोनी ने बचाया
हार्दिक पांड्या ने धोनी के शांत स्वाभाव की तारीफ करते हुए 2019 में हुई पुरानी घटना को याद किया जब पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ने अपने जेस्चर से दिल जीत लिया। हार्दिक पांड्या ने बताया कि यह घटना जनवरी 2019 की है जब भारतीय टीम ने सीमित ओवर्स प्रारूप सीरीज के लिये न्यूजीलैंड का दौरा किया था और बैन हटने के बाद पांड्या थोड़ी देर से टीम में शामिल हुए थे। हार्दिक पांड्या ने बताया कि जब वो न्यूजीलैंड पहुंचे तो उन्हें होटल ढूंढने में दिक्कत हो रही थी और तब भी धोनी ही उनके बचाव में आये।

हमेशा मेरे लिये सबसे पहले खड़े हुए माही
उन्होंने कहा,'एमएस वो इंसान हैं जो मुझे शुरुआत से ही समझते आये हैं, मैं कैसे काम करता हूं, किस तरह का इंसान हूं और मुझे क्या पसंद है, सबकुछ। जब मैं न्यूजीलैंड दौरे के लिये चुना गया था तो वहां पर कोई होटल रूम उपलब्ध नहीं था। लेकिन तभी मुझे एक कॉल आती है कि तुम बस आ जाओ, एमएस ने कहा है कि मैं बेड पर नहीं सोता हूं, अगर होटल नहीं मिलता है तो वो मेरे बेड पर सो जायेगा और मैं फर्श पर सो जाऊंगा। वह हमेशा से पहले इंसान रहे जो मेरे लिये खड़े रहे।'


Click it and Unblock the Notifications
