मुंबई। दौलत-शौहरत का दंगल 5 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है, जिसका इंतजार केवल क्रिकेट प्रेमी ही नहीं कर रहे हैं बल्कि खिलाड़ी भी कर रहे हैं, इन्हीं में से एक है रोहित शर्मा। जांघ में चोट से ठीक होने के बाद उन्हें घुटने में मामूली चोट लग गई थी लेकिन वह अब पूरी तरह से ठीक हैं और वापसी के लिए तैयार हैं।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि पहली बार मुझे डर लगा था, मेरे दिमाग में ये बात आई कि शायद मेरे साथ कुछ गलत ना हो जाए, रन लेते समय मैंने जोर की आवाज सुनी थी। जब तक एमआरआई नहीं हुई तब तक मैं डर गया था। मैं नहीं जानता था कि क्या हो सकता है लेकिन कहते हैं कि दवाओं से ज्यादा दुआओं का असर होता है और मेरे साथ भी मेरे अपनों की दुआएं थीं, इस वजह से मैं बच गया।
रोहित को जांघ में चोट लगी थी
आपको बता दें कि रोहित को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में जांघ में चोट लगी थी जिसके कारण वो पिछले 5 महीने से टीम से बाहर थे। फिलहाल आईपीएल 10 में रोहित दो बार की विजेता मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने के लिए तैयार हैं। रोहित ने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के साथ अपने स्वास्थ लाभ की प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने चोट से वापसी करने के लिए एनसीए के स्टाफ का भी धन्यवाद दिया।