
ICC Word Cup 2019 टीम में कोहली का नाम नहीं-
यह टीम आईसीसी के द्वारा चयनित एक पैनल ने चुनी है। इसके पीछे आईसीसी का मकसद विश्व कप 2019 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करना है। इस लिस्ट में जहां विश्व कप की विजेता टीम इंग्लैंड से सबसे ज्यादा चार खिलाड़ी चुने गए हैं तो वहीं भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली का ना चुना जाना भी एक बड़ी खबर है। भारतीय बल्लेबाजों में केवल रोहित शर्मा को ही इस टीम में स्थान मिला है। बता दें कि कोहली जहां इस विश्व कप में एक भी शतक नहीं लगा पाए थे तो वहीं रोहित ने 5 शतक लगाकर रिकॉर्ड बना दिया था। रोहित ने 81 के औसत से 648 रन बनाए और वे इस आईसीसी की टीम में ओपनर की भूमिका में ही चुने गए हैं। वहीं, कोहली ने 5 अर्धशतक लगाए लेकिन वह इसको शतक में तब्दील नहीं कर सके।
बाउंड्री नियम को लेकर विलियमसन-मॉर्गन के विचार अलग, क्या बोले दोनों कप्तान

एशियाई टीमों से केवल तीन ही खिलाड़ी चुने गए हैं-
रोहित शर्मा के अलावा इस टीम में केवल एक और भारतीय खिलाड़ी ने जगह बनाई है और वह है जसप्रीत बुमराह। बुमराह ने इस विश्व कप में 20.61 के बेहतरीन औसत के साथ गेंदबाजी करते हुए 18 विकेट लिए। खास बात यह है कि भारत के अलावा एशियाई टीमों से एक और खिलाड़ी को चुना गया है और यह खिलाड़ी है बांग्लादेश के करिश्माई ऑलराउंडर शाकिब-अल-हसन जिन्होंने इस टूर्नामेंट में 86.57 के औसत से 606 रन बनाए और 36.27 के औसत से 11 विकेट भी लिए। भारत के अलावा रनर-अप न्यूजीलैंड की टीम से भी दो खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। टीम के कप्तान केन विलियमसन नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए चुने गए हैं। उनके अलावा 19.47 की औसत से 21 विकेट लेने वाले लॉकी फर्गुसन को तेज गेंदबाजी विभाग में चुना गया है।

चैंपियन इंग्लैंड का रहा असली बोलबाला-
इस टीम में असली बोलबाला चैंपियन इंग्लैंड का रहा है जिसके सर्वाधिक चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। जेसन राय को दूसरे ओपनर के तौर पर चुना गया है। रॉय ने इस प्रतियोगिता में 63.28 की औसत से 443 रनों का योगदान दिया था। इंग्लैंड के अन्य खिलाड़ियों में जो रूट नंबर चार पर हैं। उन्होंने भी इंग्लैंड की जीत में मुख्य भूमिका अदा करते हुए 61.77 की औसत से 556 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के अन्य दो खिलाड़ियों में फाइनल के हीरो बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर को भी जगह मिली है। स्टोक्स ने इस विश्व कप में 465 रन बनाने के अलावा 7 विकेट भी लिए हैं। वे नंबर 6 पर बैटिंग के लिए चुने गए हैं। जबकि आर्चर ने 20 विकेट लिए हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया से दो खिलाड़ियों को चुना गया है। सर्वाधिक 27 विकेट लेने वाले स्टॉर्क पेस बैटरी की जिम्मेदारी संभालेंगे और विकेट के पीछे 20 शिकार करने वाले कंगारू विकेटकीपर एलेक्स कैरी इस टीम के विकेटकीपर होंगे। कैरी ने 62.50 के औसत से 465 रन भी बनाए हैं।

विश्व कप की 'टीम ऑफ द टूर्नामेंट'-
बैटिंग ऑर्डर के आधार पर यह टीम इस प्रकार है-
1- जेसन रॉय (इंग्लैंड)
2- रोहित शर्मा (भारत)
3- केन विलियमसन (कप्तान) (न्यूजीलैंड)
4- जो रूट (इंग्लैंड)
5- शाकिब-अल-हसन (बांग्लादेश)
6- बेन स्टोक्स (इंग्लैंड)
7- एलेक्स कैरी (विकेटकीपर) (ऑस्ट्रेलिया)
8- मिशेल स्टॉर्क (ऑस्ट्रेलिया)
9- जोफ्रा आर्चर (इंग्लैंड)
10- लॉकी फर्गुसन (न्यूजीलैंड)
11- जसप्रीत बुमराह (भारत)
जिस नियम से इंग्लैंड ने जीता वर्ल्ड कप, रोहित शर्मा ने उसपर उठाए सवाल


Click it and Unblock the Notifications
