
अंपायर को सामान देने पर लगी पांबंदी
आईसीसी की ओर से जारी दिशा निर्देशों के अनुसार जब दोबारा क्रिकेट शुरु होगा तो खिलाड़ियों को मैच के दौरान शौचालय जाने और मैदानी अंपायरों को अपनी चीजें सौंपने की अनुमति नहीं होगी।
आईसीसी ने साफ किया है कि मैच के दौरान खिलाड़ियों का शारीरिक दूरी बनाये रखना जरूरी होगी, जिसमें वह अपने निजी सामान जैसे कैप, तौलिया, सनग्लास, जंपर्स आदि अंपायर या साथियों को नहीं सौंप सकते।

ड्रेसिंग रूम में कम समय बितायें खिलाड़ी
हालांकि आईसीसी ने अभी साफ नहीं किया है कि अगर खिलाड़ी मैच में यह सामान अंपायर को नहीं देंगे तो किसे सौंप सकते हैं। साथ ही आईसीसी ने यह भी साफ नहीं किया कि खिलाड़ी कौन सा सामान साथ रख सकता है और कौन सा नहीं।
उल्लेखनीय है कि मैच के दौरान खिलाड़ी अपनी कैप और धूप के चश्मों को मैदान पर नहीं रख सकते क्योंकि अगर गेंद उस पर लगी तो विपक्षी टीम के खाते में पेनल्टी रन जा सकते हैं, जैसे कि हेलमेट के मामले में होता है।
इसके अलावा आईसीसी चाहती है कि खिलाड़ी मैच से पहले और मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में कम समय बिताएं।

गेंद पकड़ने के बाद आंख, नाक और कान को नहीं छूने पर देना होगा ध्यान
गौरतलब है कि मैच के दौरान जश्न मनाने और गेंद पर लार लगाने को लेकर आईसीसी की क्रिकेट समिति ने पहले ही बैन लगाने की सिफारिश कर दी है। इसके बाद अब आईसीसी चाहती है कि मैच के दौरान खिलाड़ी गेंद को छूने के बाद आंखे, नाक और मुंह स्पर्श न करें।
इसके अलावा खिलाड़ियों को गेंद के संपर्क में आने के बाद अपने हाथ को सैनिटाइज करने के लिए कहा गया है। अभ्यास के दौरान भी खिलाड़ियों की परेशानियां बढ़ सकती हैं क्योंकि उन्हें शौचालय का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी।


Click it and Unblock the Notifications
