डर्बी। आईसीसी महिला विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में भारत की हरमनप्रीत कौर ने अपनी तूफानी पारी में ऑस्ट्रेलिया की बखियां उधेड़ दी। सेमीफाइनल मुकाबले में कौर ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ एतिहासिक शतक जड़ दिया।
हरमनप्रीत कौर ने 6 बार की विश्वकप विजेता ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला विश्व कप सेमीफाइनल में यादगार पारी खेली। दरअसल टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 35 रन के स्कोर पर अपने दो विकेट गंवा दिए। लेकिन हरमनप्रीत ने इसके बाद ऐसी बल्लेबाजी की, कि भारत का स्कोर चार विकेट पर 281 रन तक जा पहुंचा।
हरमनप्रीत कौर ने 148.69 के स्ट्राइक रेट के साथ 115 गेंदों पर नाबाद 171 रनों की धुआंधार पारी खेली। अपनी पारी के दौरान कौर ने शानदार 20 चौके व 7 तूफानी छक्के लगाए। 171 रनों की पारी महिला वनडे क्रिकेट में पांचवीं सबसे बड़ी पारी है।
इससे पहले नंबर एक पर ऑस्ट्रेलिया की बेलिंडा क्लार्क हैं जिन्होंने 1997 में नाबाद 229 रन बनाए। दूसरे नंबर पर भारत की दीप्ति शर्मा हैं जिन्होंने इसी साल 188 रनों की शानदार पारी खेली थी। तीसरे नंबर पर श्रीलंका की चमारी अटापट्टू हैं जिन्होंने मौजूदा विश्वकप में नाबाद 178 रनों की पारी खेली थी। चौथे नंबर पर इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स जिन्होंने 1997 में नाबाद 173 रनों कू पारी खेली और अब पांचवें नंबर पर भारत की हरमनप्रीत कौर हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नाबाद 171 रनों की पारी खेली। भारतीय पुरुष टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की फैन हरमनप्रीत कौर मौजूदा विश्व कप से पहले तक वो 69 वनडे मैचों की 58 पारियों में 1666 रन बना चुकी हैं।
पढ़ेंः- INDvAUS: विश्वकप में मिताली का जलवा कायम, बनीं टॉप स्कोरर