
इस गेंदबाज से डर रही है इंग्लैंड की टीम
इस विश्व कप के अपने पहले ही मैच में भारतीय टीम ने 4 बार की चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को हराया था और इस जीत में टीम की हीरो रही थी पूनम यादव जिन्होंने अपनी फिरकी की जादू में 4 दिग्गज कंगारू खिलाड़ियों को फंसाया और भारत को जीत दिलाई। वहीं ग्रुप के बाकी मैचों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और वह 4 मैचों में 9 विकेट लेकर टूर्नामेंट की सबसे सफल गेंदबाज बनी हुई हैं।
पूनम यादव को लेकर इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट ने कहा कि अगर उनकी टीम को फाइनल तक का सफर तय करना है तो भारतीय स्पिनर्स की चुनौती से निपटना होगा, खासतौर से शानदार फार्म में चल रहीं पूनम यादव से।

पिछले विश्व कप में भारत को हरा फाइनल में पहुंची थी इंग्लैंड
उल्लेखनीय है कि साल 2018 में जब भारतीय महिला टीम इसी तरह अजेय अंदाज में सेमीफाइनल में पहुंची थी तो इंग्लैंड की टीम ने ही उसका विजय रथ रोका था। इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने पूनम यादव के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की थी और चार ओवर में 29 रन खर्च किए थे। इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने आसानी से 8 विकेट से जीत दर्ज की थी।
सेमीफाइनल मैच से पहले हीथर ने कहा, ‘हमने उसके (पूनम) लिए काफी अभ्यास किया है, मुझे लगता है कि पिछले टी20 वर्ल्ड कप में हमने काफी अच्छी तरह से उसका सामना किया और ऐसा हम अपनी तैयारी के कारण कर पाए। अब एली मेडेन (सहायक कोच) हमारे साथ नहीं हैं, जो शानदार लेग स्पिन गेंदबाजी करते हैं, लेकिन हमारे पास कुछ कोच हैं जो शानदार स्पिन करते हैं और हम स्पष्ट हैं कि उसके खिलाफ हमें क्या करना है।'

पूनम के अलावा यह गेंदबाज भी है खतरनाक
आपको बता दें कि भारत ने इस विश्व कप में ग्रुप स्टेज के अपने सभी मैच जीतकर सेमीफाइनल की सीट पक्की की है। इस दौरान भारतीय टीम की जीत में गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई जो कि काफी अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। भारतीय टीम ने 4 में से 3 बार 145 से कम के स्कोर को बचाया है और चौथे मैच में 113 रनों के लक्ष्य को महज 15वें ओवर में हासिल कर लिया।
भारतीय टीम के लिये पूनम यादव के अलावा शिखा पांडे भी अच्छी फॉर्म में जो कि डेथ ओवर्स में शानदार गेंदबाजी करती हैं। शिखा पांडे 7 विकेट के साथ टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों में 5वें स्थान पर हैं। इसके अलावा राधा यादव, राजेश्वरी गायकवाड़ और दीप्ति शर्मा ने भी उम्दा प्रदर्शन किया है।
वहीं पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद इंग्लैंड ने वापसी करते हुए अपने बाकी बचे तीनों मैच जीते और कप्तान का मानना है कि टीम इससे अच्छी लय में है जो उनके लिए फायदेमंद होगा।


Click it and Unblock the Notifications
