
कोहली की टीम ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
टीम इंडिया ने बांग्लादेश को डे-नाइट टेस्ट में हराने के साथ ही ये इतिहास रच दिया है। भारत ने यह मैच एक पारी और 46 रनों से जीत लिया है। यह विराट कोहली की अगुवाई में भारत ने लगातार दूसरी घरेलू टेस्ट सीरीज में किसी टीम का सूपड़ा साफ किया है। इससे पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 3-0 से हराया था। भारत और बांग्लादेश के बीच इंदौर में हुआ पहला मैच भी भारत ने 1 पारी और 130 रनों से बड़े अंतर से जीता था। साथ ही यह भारत की लगातार 7वीं टेस्ट जीत भी है।

तेज गेंदबाजी को सलाम-
पारी की हार से अपने विरोधियों को पीटने का सिलसिला भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पुणे टेस्ट से शुरू किया था जिसमें दक्षिण अफ्रीका को 1 पारी और 137 रनों से हराया था। रांची में दक्षिण अफ़्रीका को पारी और 202 रन से मात दी थी और बांग्लादेश को इंदौर में पारी और 130 रन से पराजित किया था और अब इस मैच में भी यही कहानी चौथी बार दोहराई गई। भारतीय तेज गेंदबाजी इस मैच में सुपर स्टार साबित हुई। जिस आतंक के साथ टीम इंडिया के पेसरों ने पिछले कुछ समय में कहर बरपाया है उसकी एक शानदार बानगी ईडन गार्डन्स में गुलाबी गेंद से देखने को मिली। इस गेंद से भारतीय तेज गेंदबाजों ने जो आग उगली उसके चलते बांग्लादेश की टीम पहली पारी में 106 और दूसरी पारी में 195 रनों पर ढेर हो गई। जबकि भारत ने विराट कोहली के शतक की बदौलत पहली पारी 9 विकेट पर 347 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
IND vs BAN: भारत ने किया बांग्लादेश का सूपड़ा साफ, तेज गेंदबाजों ने होम टेस्ट में रचा इतिहास

उमेश को मिले पांच विकेट-
तीसरे दिन खेल की शुरुआत बांग्लादेश की टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 152 रन से की थी और यह टीम 195 रनों पर ढेर हो गई जिसमें उमेश यादव ने पांच और ईशांत शर्मा ने चार विकेट लिए। जबकि एक बल्लेबाज रिटायर्ड आउट हुआ। इस मैच की पहली पारी में भी बांग्लादेश के सभी 10 विकेट भारतीय तेज गेंदबाजों ने लिए थे। ईशांत शर्मा और उमेश यादव ने क्रमशः 5 और 3 विकेट लिए थे जबकि दो विकेट मोहम्मद शमी को मिले थे। ईशांत शर्मा को इस शानदार प्रदर्शन के दम पर मैन ऑफ द मैच दिया गया है।


Click it and Unblock the Notifications
