IND vs ENG: हेडिंग्ले में एक बार फिर जेम्स के सामने बेबस हुए कोहली, एंडरसन ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच हेडिंग्ले के मैदान पर खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच में भले ही कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीता हो लेकिन इंग्लैंड की टीम ने जेम्स एंडरसन की शानदार गेंदबाजी के दम पर पहले सेशन के खेल को अपने नाम कर लिया है। इंग्लैंड की सरजमीं पर विराट कोहली को पहली बार टॉस में जीत मिली जिसके बाद सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और केएल राहुल ने पारी का आगाज किया। जहां भारतीय टीम को इस मैच में इस जोड़ी से उसी तरह की शुरुआत की दरकार थी जो सीरीज में अब तक यह देते हुए आये हैं तो वहीं पर लॉर्डस टेस्ट मैच में मिली हार की कड़वाहट से अभी तक नहीं उभर सके जेम्स एंडरसन एक अलग मानसिकता के साथ उतरे।
और पढ़ें: IND vs ENG: हेडिंग्ले टेस्ट के पहले ओवर में ही डक पर आउट हुए केएल राहुल, नाम किया अनचाहा रिकॉर्ड
जेम्स एंडरसन ने अपने पहले ही ओवर में केएल राहुल को बिना खाता खोले वापस पवेलियन भेजा तो वहीं तीसरे ओवर में चेतेश्वर पुजारा को पहली ही गेंद पर जोस बटलर के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेजा। महज 4 रन पर अपने दो विकेट खोने के बाद कप्तान विराट कोहली को मैदान पर उतरना पड़ा।

फिर एंडरसन की गेंद पर आउट हुए कोहली
विराट कोहली (7) ने सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के साथ पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की और सिर्फ 17 रन की ही साझेदारी कर सके थे कि जेम्स एंडरसन ने एक बार फिर हमला बोला और भारतीय टीम के कप्तान का विकेट लेकर इस पारी की तीसरी सफलता हासिल की और एक बार फिर कोहली को अपना शिकार बनाया। जेम्स एंडरसन ने अपनी तीनों विकेट बाहर जाती गेंद पर ली जिसमें बल्लेबाज के बल्ले का किनारा लेकर गेंद सीधा बटलर के हाथों में पहुंची। सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में भी कोहली एंडरसन की गेंद पर बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौटे थे।

कोहली को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज बने एंडरसन
इस विकेट के साथ ही जहां भारतीय टीम को तीसरा बड़ा झटका लगा तो वहीं पर जेम्स एंडरसन टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली को सबसे ज्यादा बार आउट करने वाले गेंदबाज बन गये हैं। जेम्स एंडरसन ने टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली को 7वीं बार अपनी गेंद पर आउट किया और सबसे ज्यादा बार टेस्ट क्रिकेट में उनका विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गये। इस लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के नॉथन लायन का नाम भी है जिन्होंने कोहली को 5 बार आउट किया है। वहीं एंडरसन के पास अभी सीरीज में 5 पारियां और हैं जिसमें कोहली का विकेट लेकर उनके पास इस आंकड़े को और बेहतर करने का मौका है।

50 पारियों से नहीं आया है कोहली का शतक
उल्लेखनीय है कि जेम्स एंडरसन ने पिछले साल आज ही के दिन पाकिस्तान के अजहर अली का विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट में 600 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया था और आज ही के विराट कोहली के खिलाफ यह बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। कोहली को सबसे ज्यादा बार टेस्ट क्रिकेट में आउट करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड (5), ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस (5), इंग्लैंड के बेन स्टोक्स (5) और इंग्लैंड के मोइन अली (5) का नाम शुमार है।
गौरतलब है कि विराट कोहली 17 गेंदों में एक चौका लगाकर महज 7 रन के स्कोर पर वापस पवेलियन लौटे और फैन्स के लिये उनके शतक का इंतजार और लंबा हो गया है। आपको बता दें कि भारतीय कप्तान ने अपना आखिरी शतक 50 अंतर्राष्ट्रीय पारियों पहले लगाया था और फैन्स को शायद अभी और इंतजार करना पड़े।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications