
करियर का तीसरा टेस्ट मैच कभी नहीं हारे हैं कोहली
दरअसल हेडिंग्ले के मैदान पर खेले गये पिछले 5 टेस्ट मैचों की बात करें तो यहां पर जो भी कप्तान टॉस जीता है उसे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। फिर चाहे वो पाकिस्तान, वेस्टइंंडीज या फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला गया मैच ही क्यों न रहा हो, सभी मैचों में टॉस जीतने वाली टीम को हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि विराट कोहली की बात करें तो वो अपने पूरे टेस्ट करियर में बतौर कप्तान कभी भी टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच नहीं हारे हैं और हेडिंग्ले के मैदान पर खेला जा रहा यह मैच सीरीज का तीसरा ही मैच है। ऐसे में आंकड़ों की यह प्रतिस्पर्धा देखना रोमांचक रहेगा।

सबसे कम टॉस जीतने के मामले में धोनी को छोड़ा पीछे
इंग्लैंड की सरजमीं पर विराट कोहली अपनी कप्तानी करियर में 9वीं बार टॉस के लिये उतरे थे और इससे पहले लगातार 8 बार उन्हें हार का ही सामना करना पड़ा। हालांकि हेडिंग्ले में पहली बार उन्हें टॉस में जीत मिली। विराट कोहली को अपने टेस्ट करियर में 28वीं बार टॉस जीत मिली है। उल्लेखनीय है कि भारत के लिये टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा टॉस जीत प्रतिशत के मामले में सुनील गावस्कर का नाम आता है जिन्होंने 47 मैचों में से 22 में टॉस जीता था और 46.81 प्रतिशत के साथ टॉप पर हैं, तो वहीं पर कपिल देव ने 34 टेस्ट मैचों में से सिर्फ 15 पर ही टॉस जीतकर 44.12 प्रतिशत के दूसरा नंबर हासिल किया।
विराट कोहली ने इस फेहरिस्त में 43.75 जीत प्रतिशत के साथ तीसरा पायदान हासिल किया है और धोनी को पीछे छोड़ दिया है। पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने 60 टेस्ट मैचों में सिर्फ 26 में जीत हासिल की है और अब 43.33 जीत प्रतिशत के साथ चौथे पायदान पर पहुंच गये हैं। वहीं सौरव गांगुली ने 49 टेस्ट मैचों में सिर्फ 21 में जीत हासिल कर 42.86 प्रतिशत के साथ पांचवा स्थान हासिल किया है।

टेस्ट करियर में सिर्फ चौथी बार बिना बदलाव के उतरे कोहली
गौरतलब है कि भारतीय कप्तान विराट कोहली ने इस मैच में टीम में कोई बदलाव नहीं किया है और यह उनकी अपनी कप्तानी करियर में सिर्फ चौथा ही मामला है जब वो एक अनचेंज्ड प्लेइंग 11 के साथ मैदान पर उतरे हों। कोहली ने साल 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ पहली बार ट्रेंट ब्रिज और साउथैम्पटन में बिना बदलाव वाली टीम के साथ मैदान पर कदम रखा, तो वहीं 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ नॉर्थ स्क्वॉड और किंग्सटन के मैदान पर दूसरी बार टीम बिना किसी बदलाव के उतरी थी। वहीं पर बांग्लादेश के खिलाफ इंदौर और कोलकाता के मैदान पर खेली गई 2019 की सीरीज में भी इंदौर और कोलकाता में टीम बिना बदलाव के उतरी थी।
आपको बता दें कि पहले सेशन के खेल के बाद भारतीय टीम काफी पीछे नजर आ रही है और उसने महज 56 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये हैं। जेम्स एंडरसन ने इस दौरान 3 विकेट और रॉबिन्सन ने एक विकेट हासिल किया है।


Click it and Unblock the Notifications
