
रहाणे को ब्रेक देने का समय आ गया है
ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि रहाणे इस सीरीज में पूरी तरह से खोयी हुई लय में नजर आये हैं। ओवल की दूसरी पारी में उन्होंने जो 8 गेंदे खेली उसमें वह बिल्कुल खोये हुए से नजर आये। उल्लेखनीय है कि आउट होने से कुछ गेंद पहले रहाणे को अंपायर ने एलबीडब्लयू आउट दिया था लेकिन रिव्यू लेने पर पता लगा कि गेंद विकेट को मिस कर रही थी और उनका विकेट बच गया।
लक्ष्मण ने कहा,'वक्त आ गया है कि रहाणे को ब्रेक दिया जाये। मुझे नहीं पता कि भविष्य उनके लिये क्या लेकर आने वाला है। वह एक क्वालिटी प्लेयर हैं और मुझे हमेशा से विश्वास रहा है कि क्वालिटी प्लेयर हमेशा टीम में वापसी करने में कामयाब रहते हैं। हालांकि वो जिस तरह की फॉर्म में हैं और मैदान पर जैसा उनका बॉडी लैंग्वेज देखने को मिला है वह एक बार भी ऐसे नहीं लगे हैं जिन पर भरोसा जताया जा सके।'

टीम मैनेजमेंट को रहाणे पर भरोसा नहीं
उल्लेखनीय है कि अजिंक्य रहाणे की लगातार खराब फॉर्म के बावजूद उन्हें सीरीज के चारों मैच में खेलने का मौका मिला है, हालांकि इस दौरान उनके बल्लेबाजी क्रम को डिमोट कर दिया गया है और ओवल में वो छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे हैं। उनकी जगह रविंद्र जडेजा को पांचवे नंबर पर भेजा गया है।
इस पर बात करते हुए लक्ष्मण ने कहा,' इस टेस्ट मैच की दोनों पारियों में जडेजा को उनकी जगह बल्लेबाजी करने के लिये भेजा गया है। यह अपने आप में एकदम साफ संदेश है कि टीम मैनेजमेंट इस समय महसूस कर रही है कि अजिंक्य रहाणे बहुत खास लय में नहीं हैं। वह आत्म-विश्वास की कमी से जूझ रहे हैं और अच्छे टच में नहीं है।'

रहाणे की जगह विहारी को मिल सकता है मौका
वीवीएस लक्ष्मण का मानना है कि भारतीय टीम अगले मैच में अजिंक्य रहाणे की जगह हनुमा विहारी को टीम में शामिल कर सकती है।
उन्होंने कहा,'आप इस तरह की मानसिकता वाले खिलाड़ी के साथ अगले मैच में नहीं जाना चाहोगे, खासतौर से अगर आप टीम के सीनियर बल्लेबाज हों। मुझे लगता है कि जब भारतीय टीम ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर टेस्ट मैच खेलने जायेगी तो वो एक बदलाव करते हुए अजिंक्य रहाणे की जगह हनुमा विहारी को मौका दे सकती है।'

कोहली को परेशान कर देगा ऐसे आउट होना
इस बातचीत के दौरान वीवीएस लक्ष्मण ने विराट कोहली की अच्छी शुरुआत भरी पारियों को बड़े स्कोर में न बदल पाने को लेकर भी अपनी बात कही और कहा कि आप उनसे ऐसी अपेक्षा नहीं करते हैं। गौरतलब है कि भारतीय टीम के लिये विराट कोहली शानदार तरीके से बल्लेबाजी करते हुए 44 रन बना चुके थे लेकिन मोइन अली की गेंद पर कैच थमाकर वापस लौट गये।
उन्होंने कहा,' वो जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे थे ऐसा लग रहा था कि वो बड़ा स्कोर बनाने की ओर देख रहे हैं, जिसकी अपेक्षा हम सभी को कोहली से है। लेकिन एक बार फिर से वो ऐसी गेंद पर आउट हो गये जिस पर रन आ सकता था। आप कोहली जैसी क्षमता वाले खिलाड़ी से ऐसी शुरुआत मिलने के बाद पारियों को बड़े शतक में बदलते हुए देखना चाहते हैं, जो कि उन्होंने पहले करके भी दिखाया है। कोहली जैसी क्वालिटी वाले खिलाड़ी का इस तरह 30 और 40 के स्कोर में बार-बार आउट होने की अपेक्षा किसी ने नहीं की है। यह कुछ ऐसा है जो कोहली को तंग कर सकता है।'


Click it and Unblock the Notifications