नई दिल्ली। पूरे दो साल बाद शुक्रवार को टीम इंडिया की जर्सी में गौतम गंभीर कोलकाता के मैदान ईडन गार्डन्स में दिखाई देंगे इसलिए उनके चाहने वाले बहुत ज्यादा खुश हैं।
नोएडा के आईटी सेक्टर में काम करने वाले इंजीनियर विशाल शर्मा ने वनइंडिया से कहा कि अब तो कोलकाता मैच का मजा दोगुना हो जाएगा क्योंकि पहले ही कानपुर टेस्ट मैच जीतने के बाद इंडिया वाले काफी खुश हैं, ऐसे में गंभीर को खेलते हुए देखना हर लिहाज से काफी अच्छा होगा।
मैं औरों की क्या बात करूं, मैं अपने बारे में कह सकता हूं ,कि मैं खुद गंभीर के लिए काफी खुश हूं, मुझे तो लग रहा था कि लगातार अच्छा खेलने के बावजूद उनका सेलेक्शन नहीं हो रहा है, तो कहीं वो भी सहवाग की तरह हताश होकर संन्यास ना लें ले लेकिन ऊपरवाले की दया से उनकी मेहनत रंग लाई, ये एक अच्छा संकेत है।
आपको बता दें के कुछ इसी तरह की प्रतिक्रिया खुद गंभीर ने ट्विटर पर दी थी, जब उन्हें टीम में शामिल किया गया था। गंभीर ने कहा था कि किसी डेब्यू करने वाले खिलाड़ी की तरह मेरे अंदर उत्साह है, मुझे एक नौसिखिए की तरह घबराहट भी महसूस हो रही है। भावनाओं से भरपूर ईडन गार्डन में मैं आ रहा हूं। मैं अपने सभी चाहने वालों का तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं।
नवरात्रि 2016: अगर उपवास करने जा रहे हैं तो सेहत का रखें इस तरह से ख्याल...
आपको बता दें कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच कल से कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा। टीम इंडिया इससे पहले ग्रीनपार्क में मेहमान टीम को हरा चुकी है। गंभीर को न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के बाकी दो टेस्टों के लिए चोटिल सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल की जगह शामिल किया गया है। गंभीर ने अगस्त 2014 में अपना आखिरी टेस्ट इंग्लैंड दौरे पर खेला था।