रांची। बेंगलुरू टेस्ट के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों देश की टीमों के बीच में काफी आक्रामकता देखी गई, जिसके लिए दोनों ही देशों की मीडिया ने काफी समालोचना और आलोचना की है।
लेकिन इस बारे में टीम इंडिया के कोच अनिल कुंबले कुछ अलग राय रखते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के आक्रामक तेवर को सही ठहराते हुए कहा कि मैं नहीं चाहता कि हमारे खिलाड़ी अपने स्वाभाविक व्यवहार के साथ कोई समझौता करें। मैं समझता हूं कि हमें अपनी आक्रामकता पर अधिक लगाम लगाने की जरूरत नहीं है। हर खिलाड़ी मैच को अपनी तरह से लेता है और मैं चाहूंगा कि यह क्रम जारी रहे।
हमारी टीम के लोग मैच्योर हैं
लेकिन इसका मतलब नहीं कि इन घटनाओं का खासी तवज्जो मिलनी चाहिए, हमारी टीम के लोग मैच्योर हैं और अपनी जिम्मेदारी बखूबी समझते हैं इसलिए वे जरूरत से अधिक किसी घटना को तूल देने में विश्वास नहीं रखते। भारतीय कोच ने साफ कहा कि डीआरएस और पिच को लेकर बातें किसी भी लिहाज से उनके खिलाड़ियों का ध्यान भंग नहीं करेंगी।