नई दिल्ली। टीम इंडिया के विस्फोटक ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के एक छक्के ने अपने एक फैन का जबड़ा तोड़ दिया। वैसे तो क्रिकेट फैंस पांड्या की ऐसी आतिशी बल्लेबाजी का भरपूर आनंद लेते हैं। हालांकि, बेंगलुरु वन-डे में पांड्या का एक छक्का फैन पर भारी पड़ गया।
पांड्या ने एडम जांपा के ओवर में दो छक्के जड़े और 41 रनों की पारी के दौरान कुल 3 छक्के लगाए लेकिन इन तीन में से एक शॉट इतना तेज तर्रार था कि दर्शक दीर्घा में बैठा एक शख्स बुरी तरह घायल हो गया। दरअसल पांड्या का एक जोरदार शॉट बॉउंड्री पार कर स्टेडियम में बैठे तोसित अग्रवाल नाम के फैन को जा लगा। तोसित गेंद को कैच करना चाहते थे, पर वह उसे जज नहीं कर सके और गेंद जाकर उनके होंठ और दांतों से लगी। 24 साल के तोसित गुरुवार को चिन्नास्वामी स्टेडियम के पवेलियन-1 में भारत और ऑस्ट्रेलिया का मैच देख रहे थे। यह पवेलियन कॉम्प्लीमेंट्री पास के लिए होता है। तोसित स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के लिए काम करते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबित स्टेडियम की मेडिकल कमांड सेंटर के अध्यक्ष डॉक्टर अजीत बेनेडिक्ट ने कहा, 'तोसित को होंठ के निचले हिस्से और निचले दांतों के पास बड़ा कट लगा है। निचले जबड़े का दांत ढीला हो गया है। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालांकि वह खतरे से बाहर हैं लेकिन उन्हें टांके लगाने पड़ेंगे।'
गौरतलब है कि भारत ये मैच 21 रनों से हार गया लेकिन हाार्दिक पांड्या ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। दरअसल पांड्या 2017 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। पांड्या ने इंग्लैंड के वनडे कप्तान ऑयन मॉर्गन के 26 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 2017 सिक्सर किंग बने। पांड्या ने 2017 में खेले गए 21 वनडे मैच की 17 पारियों में कुल 28 छक्के लगाए हैं।
इसे भी पढ़ेंः- इस कंगारू गेंदबाज ने कहा, सचिन का विकेट उखाड़ने वाली आवाज कानों को सुकून देती थी