नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मैच नागपुर के विदर्भ क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार दोपहर 1 बजकर 30 मिनट से खेला जाएगा। इंदौर वनडे में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर भारत सीरीज में अजेय (3-0) बढ़त तो बना चुका है लेकिन बेंगलुरू में 21 रनों से हार के बाद कोहली का क्लीन स्वीप का सपना टूट गया है। साथ ही लगातार 10 वनडे जीतने वाले पहले भारतीय पहले भारतीय कप्तान बनने से भी कोहली चूक गए। हालांकि इस बीच भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने जरूर इतिहास रचा दिया। रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय व दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए।
बेंगलुरू की तरह ही नागपुर में भी रोहित शर्मा के निशाने पर भारत के क्रिकेट इतिहास का 'सबसे बड़ा रिकॉर्ड' होगा। दरअसल रोहित शर्मा भारत के लिए 2011 से ओपनिंग कर रहे हैं। जब से रोहित ने ओपनिंग में बल्लेबाजी की है तब से उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। रोहित शर्मा ने टीम इंडिया के लिए ओपनिंग करते हुए 68 मैचों की 68 पारियों में 52.52 की औसत से 3,198 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 10 शतक और 17 अर्धशतक लगाए हैं। साथ ही 94 छक्के भी लगाए हैं।
अगर रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 और छक्के लगा देते हैं तो वह भारत के इकलौते बल्लेबाज बन जाएंगे जो नंबर एक (ओपनिंग) पर बल्लेबाजी करते हुए 100 छक्के लगाएंगे। आपको बता दें कि भारत की तरफ से ओपनिंग में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज पूर्व कप्तान सौरव गांगुली हैं। गांगुली ने 88 छक्के लगाए हैं। इसके अलावा रोहित शर्मा भारत में अपने 2000 रन पूरे कर सकते हैं। दरअसल रोहित शर्मा ने भारत में खेली अपनी 42 मैचों की 41 पारियों में अबतक 55.33 की औसत से 1,992 रन बनाए हैं। अगर रोहित शर्मा 8 रन और बना लेते हैं तो वह भारत में अपने 2000 रन पूरे कर लेंगे।
इसे भी पढ़ेंः- Match Preview: जीत की राह पर दोबारा उतरना चाहेंगी टीम इंडिया, इस खिलाड़ी को मिल सकता है मौका