India vs Australia Racial Abuse in Sydney test Harbhajan Singh Irfan pathan express their Anger over Racism: नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच जारी बाॅर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज (Border Gavaskar Test Series) का तीसरा मैच सिडनी के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर दर्शकों की ओर से भारतीय गेंदबाजों पर नस्लीय टिप्पणी करने की घटना एकबार फिर देखने को मिली। शनिवार को तीसरे दिन मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) ने इस बात की शिकायत मैच रेफरी डेविड बून से दिन का खेल समाप्त होने के बाद की थी, जिसके बाद बून ने उन्हें तुरंत इसकी शिकायत करने की सलाह दी थी। वहीं मैच के चौथे दिन जब यह घटना दोबारा घटी तो मोहम्मद सिराज ने स्काव्यर लेग अंपायर से इस बात की शिकायत की जिसके बाद करीब 10 मिनट तक खेल रुका रहा।
वहीं ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के अनुसार सुरक्षा कर्मियों ने नस्लीय टिप्पणी करने के आरोपों में 6 दर्शकों को स्टेडियम से बाहर कर पुलिस हिरासत में भेज दिया है। हालांकि इस घटना के सामने आने के बाद कई दिग्गज खिलाड़ियों ने इसको लेकर अपनी नाराजगी जताई है, जिसमें सीनियर गेंदबाज हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) और इरफान पठान (Irfan Pathan) का नाम भी शामिल है।
और पढ़ें: IND vs AUS Sydney Test: नस्लीय विवाद से नाराज हुए कोच लैंगर, पर टिम पेन के हुए मुरीद
हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों ने भारतीय खिलाड़ियों के साथ ऐसी शर्मनाक चीज की है।
अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर प्रतिक्रिया देते हुए हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने लिखा,'यह पहली बार नहीं है जब ऑस्ट्रेलिया में खेलते हुए खिलाड़ियों को सुनना पड़ा है। अपने खेलने के दिनों में मुझे भी काफी कुछ सुनने को मिला है, इन लोगों ने मेरे धर्म, रंग और ना जाने किस-किस बात पर अभद्र टिप्पणियां की है। आप इनको कैसे रोक पायेंगे।'
वहीं इस पूरी घटना को शर्मनाक करार देते हुए इरफान पठान (Irfan Pathan) ने कहा कि जिन दर्शकों से खिलाड़ियों का सम्मान नहीं किया जा सकता उनके लिये बेहतर है कि वह स्टेडियम में ही ना आयें।
और पढ़ें: AUS vs IND: सिडनी टेस्ट में टिम पेन पर लगा जुर्माना, अंपायर की बात न मानने पर कटी मैच फीस
गौरतलब है कि हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) को 2008 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मंकीगेट प्रकरण का आरोपी बनाया गया था, हालांक सुनवाई के बाद साफ हो गया था कि इस खिलाड़ी ने एंड्रयू सायमंडस पर किसी भी तरह की नस्लीय टिप्पणी नहीं की थी।
आपको बता दें कि भारतीय खेमे की ओर से इस पूरे मामले पर आपत्ति जताने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दर्शकों की ओर से माफी मांगी है तो वहीं पर आईसीसी ने भी सीए से इस मामले पर रिपोर्ट मांगी है।