नई दिल्ली। आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत भारत को अगले साल ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है लेकिन इस सीरीज को लेकर दिग्गज खिलाड़ियों के बीच प्रतिद्वंदिता अभी से दिखाई दे रही है। हाल ही में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत और बांग्लादेश ने पहला डे-नाइट टेस्ट मैच खेला और जीत भी हासिल की। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान टिम पेन ने कप्तान विराट कोहली को कटाक्ष करते हुए कहा कि हम चाहेंगे कि विराट कोहली जब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आयें तो इस बार पिंक बॉल टेस्ट जरूर खेलें। अब इस मुद्दे पर भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मौजूदा बीजेपी सांसद गौतम गंभीर ने अपनी राय रखी है।
गौतम गंभीर ने कहा कि विराट कोहली को टिम पेन की इस चुनौती से पीछे नहीं हटना चाहिये।
और पढ़ें: AUS vs PAK: पिंक बॉल टेस्ट के लिये पाकिस्तान ने किया बड़ा बदलाव, अजेय रही है ऑस्ट्रेलिया
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए गंभीर ने कहा,' कंगारू टीम के कप्तान टिम पेन का प्रस्ताव मुझे अच्छा लगा। उन्होंने विराट सेना को ऑस्ट्रेलिया के उसके घर पर डे-नाइट टेस्ट मैच खेलने की चुनौती दी है।'
गंभीर ने कहा,' जितना मैं जानता हूं विराट कोहली पीछे हटने वालों में से नहीं है और वह हटें भी क्यों? मैंने अभी तक विराट कोहली को टिम पेन के सवाल का जवाब देते हुए नहीं सुना है। लेकिन मैं उनकी जगह होता तो सीधे हां कहता।'
और पढ़ें: विश्व कप की हार पर विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, कहा- शायद अपने अहंकार की वजह से हारा
गंभीर ने आगे कहा कि अगर भारतीय टीम एमसीजी या ब्रिस्बेन में डे-नाइट मैच खेलती है तो यह काफी शानदार होगा। उन्होंने कहा कि मैं टिम पेन को यकीन दिलाना चाहूंगा कि भारतीय टीम ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर पिंक बॉल से जरूर खेलेगी बस वो रात को भारतीय टीम की बेबीसिटिंग करने के लिये तैयार रहें।
गौरतलब है कि पाकिस्तान को गाबा के मैदान पर हराने के बाद कप्तान टिम पेन ने कहा था कि वह चाहेंगे कि भारत आपना आगामी दौरा इसी मैदान से शुरू करे और इस बार डे-नाइट टेस्ट भी खेले। हालांकि इसके लिये विराट कोहली से काफी मिन्नतें करनी होंगी।
और पढ़ें: NZ vs ENG: हैमिल्टन टेस्ट से पहले मुश्किल में इंग्लैंड, चोट से जूझ रहा यह मैच विनर खिलाड़ी
आपको बता दें कि गाबा के मैदान पर 1991 के बाद से ऑस्ट्रेलियाई टीम एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी है और हाल ही में इसी मैदान पर उसने पाकिस्तान को 5 रन और पारी के अंतर से हराया था।