नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच लॉर्डस के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जाना है, हालांकि इस अहम टेस्ट मैच से पहले इंग्लिश टीम के खेमे को दोहरा झटका लगा है। मंगलवार को प्रैक्टिस के दौरान इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के चोटिल होने के बाद अब टीम के दूसरे सबसे अनुभवी गेंदबाज जेम्स एंडरसन भी चोटिल हो गये हैं और भारत के खिलाफ इस अहम टेस्ट मैच में उनका खेल पाना मुश्किल नजर आ रहा है। इंग्लैंड की टीम पहले से ही बेन स्टोक्स, क्रिस वोक्स और जोफ्रा आर्चर की गैर मौजूदगी में खेल रही है, ऐसे में लॉर्डस टेस्ट से पहले इन गेंदबाजों का चोटिल होना कप्तान जो रूट के लिये बड़ा सिरदर्द साबित होने वाला है।
जेम्स एंडरसन की हेल्थ पर मिली ताजा जानकारी के अनुसार इंग्लैंड के लिये सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाला यह तेज गेंदबाज बुधवार को शरीर की निचली मांसपेशियों में खिंचाव (टाइट क्वॉड) के चलते अभ्यास करने के लिये नहीं उतर सका है, जिसके बाद उनका गुरुवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में खेल पाना भी संभव नजर नहीं आ रहा है।
और पढ़ें: IND vs ENG: क्या लॉर्डस टेस्ट में भी बारिश पड़ेगी भारी, कैसा रहेगा पिच का हाल, देखें रिपोर्ट
हालांकि इंग्लैंड क्रिकेट टीम के मैनेजमेंट ने इस फैसले को एहतियात के तौर पर बताया है और उम्मीद जताई है कि लॉर्डस के मैदान पर यह खिलाड़ी खेल पाने में सक्षम रहेगा। उल्लेखनीय है कि नॉटिंघम के मैदान पर खेले गये पहले टेस्ट मैच में जेम्स एंडरसन ने ही अपनी गेंदबाजी से टीम की वापसी कराने में अहम भूमिका निभाई थी और भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा समेत 4 अहम विकेट चटकाये थे। इतना ही नहीं इस मैच में एंडरसन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में भी अनिल कुंबले का रिकॉर्ड तोड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल किया था।
जेम्स एंडरसन के इंग्लैंड की सरजमीं पर प्रदर्शन और भारत के खिलाफ गेंदबाजों की चोट की समस्या को देखते हुए उनका न खेलना जो रूट की टीम को सीरीज में बैकफुट पर धकेल सकता है। वहीं पर मंगलवार को वॉर्म अप के दौरान एंडरसन के साथी और तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड भी अपना पैर चोटिल कर बैठे हैं, जिसके बाद टीम ने शाकिब महमूद को कवर के रूप में शामिल कर लिया है।
ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार स्टुअर्ट ब्रॉड को दांयी पिंडली में चोट की समस्या का सामना करना पड़ रहा है जबकि द गार्डियन की रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार को वॉर्म अप जॉग करते हुए ब्रॉड की दांयी एड़ी मुड़ जाने की वजह से उनके पैर में चोट आ गई है। उनकी चोट को लेकर टीम ने बुधवार को स्कैन के लिये भेजा है ताकि समस्या की गंभीरता का पता चल सके।
गौरतलब है कि दोनों खिलाड़ियों का भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में खेल पाना मुश्किल नजर आ रहा है, ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि टीम में किस खिलाड़ी को बतौर रिप्लेसमेंट प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है। आपको बता दें कि जेम्स एंडरसन की जगह मार्क वुड को टीम में शामिल किया जा सकता है तो वहीं पर ब्रॉड की जगह टीम से जोड़े गये शाकिब महमूद को डेब्यू का मौका मिल सकता है।