नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच हेडिंग्ले के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम किसी तरह से मैच को बचाने की कोशिश कर रही है। इंग्लैंड में टेस्ट मैच के दौरान अक्सर फैन्स की ओर से कुछ अजीब सी चीजें देखने को मिलती हैं, जहां पर फैन्स स्टेडियम में मैच देखने के लिये कॉस्ट्यूम पहनकर लुत्फ उठाते नजर आते हैं, तो वहीं पर खिलाड़ियों के साथ बातचीत करते हुए भी नजर आते हैं। हेडिंग्ले के मैदान पर भी यह सिलसिला जारी रहा।
हालांकि मैच के तीसरे दिन हवा में एक बैनर लेकर उड़ते देखा जिसमें ईसीबी को खत्म करने और टेस्ट क्रिकेट को बचाने की मांग की गई थी। यह प्लेन मैच के तीसरे दिन चायकाल के बाद उड़ता देखा गया। उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड पिछले कुछ समय से सबसे नये प्रारूप द हंड्रेड को लेकर आलोचना झेल रही है, जिसके चलते घरेलू टूर्नामेंट काउंटी चैम्पियनशिप 2021 और इंग्लैंड के टी20 ब्लास्ट को बीच में ही रोकना पड़ा था।
और पढ़ें: IND vs ENG: रोहित शर्मा ने ढूंढ निकाला पुल शॉट का विकल्प, हेडिंग्ले में तोड़ा कपिल देव का रिकॉर्ड
पिछले कुछ समय में इंग्लैंड के कई दिग्गज खिलाड़ियों जिसमें केविन पीटरसन का नाम भी शामिल है ने क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में टीम के खिलाड़ियों के संघर्ष को लेकर अपनी आवाज उठाई है और कहा कि यह सब छोटे प्रारूप की लीग पर ज्यादा ध्यान देने और काउंटी मैचों को कम अहमियत देने की वजह से हुआ है।
इतना ही नहीं इस बात पर भी सवाल उठाये गये हैं कि क्या इस प्रारूप को द हंड्रेड जैसे नये प्रारूप की दरकार है और क्या यह खेल के साथ ज्यादा छेड़खानी करना ठीक नहीं है। हालांकि ईसीबी ने अपने सबसे नये प्रॉडक्ट को शुरू करने के पीछे सबकुछ झोंक दिया और एक लंबे समय से चले आ रहे अपने सपने को सच कर दिया।
और पढ़ें: IND vs ENG: आखिरी सेकेंड में DRS लेने के फैसले ने बचाया केएल राहुल का विकेट, रोहित ने बचाई जान
गौरतलब है कि 100 बॉल प्रति पारी वाला यह टूर्नामेंट काउंटी चैम्पियनशिप के सामानांतर ही खेला गया। इसके चलते बहुत सारे खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट को छोड़कर द हंड्रेड में हिस्सा लिया। बोर्ड ने सभी आलोचनाओं के बावजूद इसे कराने का फैसला किया और सदियों पुरानी काउंटी चैम्पियनशिप और टी20 ब्लास्ट को बीच में रोक दिया।
आपको बता दें कि द हंड्रेड के ओपनिंग संस्करण को दर्शकों का काफी साथ मिला है। ईसीबी की ओर से सभी मैचों को समय पर पूरा किया गया जिसके चलते दर्शकों का काफी समर्थन भी मिला। हालांकि ईसीबी के द हंड्रेड को आयोजित कराने के लिये घरेलू क्रिकेट के समय को छोटा करने के फैसले से उसके विजन पर सवाल उठ रहे हैं। ऐसे में जब हेडिंग्ले के मैदान पर किसी आलोचक की ओर से हवा में बैनर लेकर उड़ने से हैरानी नहीं होनी चाहिये, जिसमें क्रिकेट बोर्ड को बर्खास्त करने और टेस्ट क्रिकेट को बचाने की मांग की गई है।
उल्लेखनीय है कि हेडिंग्ले में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम पहली पारी में महज 78 रन पर सिमट गई थी, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने जो रूट की शतकीय पारी के दम पर 432 रनों का स्कोर खड़ा कर 354 रनों की बढ़त बना ली है। भारतीय टीम ने दूसरी पारी में 63 ओवर की समाप्ति पर 2 विकेट खोकर 171 रन बना लिये हैं।