
क्वारंटीन पीरियड खड़ी करेगा आईपीएल के लिये मुश्किल
उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2021 के बचे हुए मैचों का आयोजन यूएई में 19 सितंबर से होने जा रहा है जिसका पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीम के बीच होगा। इसको लेकर बीसीसीआई के पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार इंग्लैंड दौरे पर खेल रहे खिलाड़ी जो कि आईपीएल का हिस्सा बनने वाले हैं उन्हें 16 सितंबर को यूके से यूएई के लिये उड़ान भरनी थी। हालांकि भारतीय खेमे में कोरोना वायरस के आने के बाद अब उन्हें कम से कम 6 दिन का क्वारंटीन पीरियड बिताना अनिवार्य होगा।
वहीं पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने भी इस मुद्दे पर सवाल करते हुए ट्वीट लिखा कि टेस्ट मैच कैंसिल होने के बाद क्या भारतीय खिलाड़ी 19 सितंबर से शुरू होने वाले आईपीएल का हिस्सा बन सकेंगे, क्योंकि यूके में मौजूद किसी भी खिलाड़ी को अगले 10 दिन तक उड़ान भरने की इजाजत नहीं होगी और उन्हें क्वारंटीन रहना होगा, तो ऐसे में क्या हो सकता है।

16 दिन तक क्वारंटीन में पड़ सकता है रहना
गौरतलब है कि यूके सरकार की ओर से जारी की गई हेल्थ एडवाइजरी के अनुसार कोरोना वायरस के संपर्क में आने वाले किसी भी व्यक्ति को 10 दिन के लिये क्वारंटीन करने का नियम है। ऐसे में अगर भारतीय खिलाड़ियों को यहां रुकना पड़ा गया तो वो 20 तारीख से पहले उड़ान नहीं भर सकते और यूएई में पहुंचने के बाद 6 दिन का क्वारंटीन आईपीएल टीमों के लिये मुश्किल खड़ी कर सकता है।

शनिवार को मैनचेस्टर से उड़ान भरेंगे सीएसके के खिलाड़ी
वहीं पीटरसन के इस सवाल का जवाब चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने दिया है, जिन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि भारतीय टीम में शामिल सीएसके के खिलाड़ियों को मैनचेस्टर से सीधा दुबई लाने की तैयारी की जा रही है और उन्हें शनिवार को लाया जा सकता है। सीएसके के सीईओ ने इंग्लैंड दौरे पर शामिल खिलाड़ियों के 6 दिन के क्वारंटीन होने की खबर की भी पुष्टि की और कहा कि बायोबबल में प्रवेश करने और टीम के बाकी खिलाड़ियों से मिलने से पहले सभी को 6 दिन के अनिवार्य क्वारंटीन में रहना होगा।
आपको बता दें कि सीएसके की तर्ज पर आईपीएल की अन्य फ्रैंचाइजियां भी अपनी-अपनी टीम के खिलाड़ियों को यूएई लाने की तैयारी कर रही हैं, वहीं पर बीसीसीआई कोचिंग स्टाफ और टीम के अन्य खिलाड़ियों को 10 दिन के क्वारंटीन के बाद भारत भेजने का इंतजाम करेगा।


Click it and Unblock the Notifications
