नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते धुलने के बाद दोनों टीमें लॉर्डस के मैदान पर सीरीज का दूसरा मैच खेलने उतरेगी। दोनों टीमें इस मैच में जीत हासिल कर सीरीज में बढ़त लेने के इरादे से उतरेंगी। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच ठीक उसी तरह से शुरू हुआ जिसकी सभी को उम्मीद थी। भारतीय टीम के लिये इस मैच में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और रविंद्र जडेजा हीरो बनकर उभरे और पूरे मैच में भारत का दबदबा बरकरार रखा। 209 रनों का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने मैच के चौथे दिन एक विकेट खोकर 52 रन बना लिये थे हालांकि बारिश के चलते 5वां दिन धुल जाने की वजह से भारतीय टीम 1-0 की बढ़त बना पाने में नाकाम रही और मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ।
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम ने इंग्लैंड की सरजमीं पर अपनी आखिरी सीरीज साल 2007 में जीती थी जिसके बाद विराट कोहली एंड कंपनी को पिछले 3 दौरों पर मुंह की खानी पड़ी है, ऐसे में भारतीय टीम इस सीरीज में जीत हासिल कर लगातार 3 सीजन से चली आ रहे हार के सिलसिले को रोकना चाहेगी। इस बीच वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज माइकल होल्डिंग ने इस रोमांचक टेस्ट सीरीज के लिये अपनी पसंदीदा विजेता टीम का ऐलान किया है।
और पढ़ें: मौत से जंग लड़ रहे पूर्व कीवी खिलाड़ी की मदद को आगे आये ब्रैंडन मैक्लम, इस गलती ने डुबोया था करियर
मिड डे के साथ बात करते हुए माइकल होल्डिंग ने कहा,'भारतीय टीम ने इस दौरे पर पसंदीदा टीम के तौर पर आगाज किया था और सीरीज के बचे हुए मैचों में भी पसंदीदा रहने वाली है। उन्हें इस सीरीज में आसानी से जीत हासिल कर लेनी चाहिये।'
होल्डिंग ने आगे बात करते हुए कहा कि मुझे कोई कारण नजर नहीं आता है जिससे कि भारतीय टीम सीरीज में जीत हासिल नहीं कर सके। वो पहले से ही परिस्थितियों के साथ ताल-मेल बिठा चुके हैं, खासतौर से विश्व टेस्ट चैम्पिनयशिप के फाइनल के बाद इतना समय बिताने के बाद वो बिना नतीजे की चिंता किये बिना अपना बेस्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उनके पास युवा और अनुभवी खिलाड़ियों की संतुलित टीम मौजूद है।
होल्डिंग ने भारत की जीत के पीछे अपनी दावेदारी पेश करने का सबसे बड़ा कारण भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी विभाग को दिया है। भारतीय टीम ने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा और शार्दुल ठाकुर के दम पर पहले मैच में इंग्लैंड टीम को बैकफुट पर धकेलने का काम किया। वहीं पर जसप्रीत बुमराह भी अपने रंग में वापसी कर चुके हैं और नॉटिंघम टेस्ट में 9 विकेट हासिल किये, जहां पहली पारी में 4 विकेट हासिल किये तो दूसरी पारी में 5 विकेट हॉल किये।
और पढ़ें: मौत से जंग लड़ रहे पूर्व कीवी खिलाड़ी की मदद को आगे आये ब्रैंडन मैक्लम, इस गलती ने डुबोया था करियर
होल्डिंग का मानना है कि सीरीज के बचे हुए 4 मैचों में भारतीय गेंदबाज इंग्लिश परिस्थितियों का फायदा उठाने में ज्यादा समय नहीं लगायेंगे और सीरीज बढ़ने के साथ-साथ और घातक हो जायेंगे।
उन्होंने कहा,'जसप्रीत बुमराह की वापसी के साथ भारतीय टीम काफी अच्छे रंग में नजर आ रही है। शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज भी काफी शानदार नजर आ रहे हैं। मोहम्मद शमी के पास अच्छा खासा अनुभव है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारतीय गेंदबाज इंग्लिश परिस्थितियों का अच्छे से फायदा उठा सकेंगे।'