
कप्तानी छोड़ने को तैयार हैं केन विलियमसन
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केन विलियमसन से सवाल किया गया कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली शर्मनाक हार के बाद क्या वो अब भी न्यूजीलैंड के लिये तीनों प्रारूप में कप्तानी करना चाहते हैं।
इसके जवाब में केन विलियमसन ने कहा ,‘ मेरा हमेशा से यह सोचना रहा है कि टीम के लिये सर्वश्रेष्ठ क्या है । यदि ऐसा लगता है कि टीम के लिये यही अच्छा है तो मैं इसके लिये तैयार हूं । टीम को सही दिशा में ले जाने वाली हर बात के लिये मैं तैयार हूं । यह कोई निजी बात नहीं, टीम की बात है ।'

विराट कोहली ने किया विलियमसन का बचाव
वहीं भारतीय कप्तान विराट कोहली ने केन विलियमसन को लेकर हो रही आलोचना पर जवाब देते हुए कहा कि टीम की असफलता का ठीकरा सिर्फ कप्तान पर फोड़ना ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘इस तरह की बातें अक्सर होती है जब भी टीम खराब प्रदर्शन कर रही होती है। यह तीनों प्रारूपों में कप्तानी की जिम्मेदारी का हिस्सा है। मैं अपना फोकस इसी पर रखता हूं कि टीम के लिए क्या कर सकता हूं और उसे कैसे आगे ले जा सकता हूं।'
मैच से पहले कप्तान विराट कोहली ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि कप्तानी का आकलन हमेशा नतीजों से किया जा सकता है। आप टीम को कैसे एकजुट करते हैं और कैसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करा सकते हैं। मेरा मानना है कि केन विलियमसन यह काम बखूबी कर रहा है।
उन्होंने कहा,' केन विलियमसन के लिये टीम में सम्मान है और उन्हें साथी खिलाड़ियों का भरोसा हासिल है। वह काफी समझदार क्रिकेटर हैं। टीम खराब खेलती है तो यह टीम की नाकामी है, कप्तान अकेले की नहीं।'

ब्रैंडन मैकलम ने उठाये थे सवाल
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाक्सिंग डे से शुरु हुई टेस्ट सीरीज में न्यूजीलैंड की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा और 3 मैचों की सीरीज में क्लीन स्वीप झेलना पड़ा। इस हार के बाद से ही कप्तान केन विलियमसन की कप्तानी पर सवाल उठने लगे हैं। न्यूजीलैंड को उस सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा है। हार के बाद पूर्व कप्तान और कीवी खिलाड़ी ब्रैंडन मैकलम ने विलियमसन की आलोचना करते हुए कहा था कि अब उन्हें कप्तानी में मजा नहीं आ रहा और उन्हें कम से कम टी20 प्रारूप में कप्तानी छोड़ देनी चाहिए।

नाकामियों को भुला भारत के खिलाफ खास ध्यान
केन विलियमसन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह वक्त पिछली नाकामियों को याद करने का नहीं है, बल्कि उन्हें भुलाकर भारत के खिलाफ होने वाली सीरीज पर ध्यान देने का है।
उन्होंने कहा ,‘आपको आगे बढते रहना होगा । शेड्यूल ऐसा है कि चुनौतियां काफी तेजी से और बड़ी होती है । हमारे सामने भारत जैसी टीम है जो दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है लेकिन टी20 में अलग है । हम इस चुनौती के लिये तैयार हैं ।'
कप्तान विलियमसन ने कहा कि जब आपको दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ता है तो यह आपके लिये एक सबक की तरह होता है। यह एक ऐसा सबक होता है जिससे सीखकर आप आगे जीतने की प्रेरणा हासिल करते हो।
उन्होंने कहा ,‘ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार के बाद टीम को जो थोड़ा ब्रेक मिला वह अच्छा रहा है। आप कभी अपने प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं होते और इस तरह की हार के बाद और अच्छा करने की प्रेरणा मिलती है ।'

भारत के खिलाफ बेहतर तरीके से उतरेगी कीवी टीम
पिछले साल जब भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली थी तो उसने वनडे सीरीज में कीवी टीम को मात दी थी, हालांकि हार से सबक लेकर कीवी टीम ने टी20 सीरीज में वापसी की थी और भारत को हराया था। भारतीय टीम के लिये बीता घरेलू सीजन अपराजेय रहा है और वहां इसे विदेशों में भी जारी रखना चाहेगी।
विलियमसन ने कहा ,‘छोटे मोटे सुधार की बात है। कई बार अच्छे या बुरे दिन आते हैं जिनके बाद वापसी करना अहम होता है। हम इससे सबक लेकर बेहतर खेल दिखायेंगे। भारतीय टीम दुनिया की सबसे बेहतरीन टीम में से एक है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट फ्रैंचाइजियों में से एक आईपीएल ने उसे बेहतरीन खिलाड़ी दिये हैं। इसकी वजह से भारत के पास इतने सारे विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं ।'


Click it and Unblock the Notifications
