IND vs NZ: रोहित-कोहली की गैरमौजूदगी में ऐसी हो सकती है प्लेइंग 11, जानें कैसा रहने वाला है पिच का मिजाज
नई दिल्ली। हेड कोच राहुल द्रविड़ के नेतृत्व में भारतीय टीम का एक नया अध्याय शुरू हो गया है जिसके तहत इंडियन टीम ने न्यूजीलैंड को 3 मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप किया और अब टेस्ट सीरीज में खेलने उतरेगी। इस सीरीज के तहत पहला टेस्ट मैच कानपुर के मैदान पर खेला जायेगा। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल मैच में कीवी टीम के हाथों हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम इस सीरीज में हार का बदला लेना चाहेगी, हालांकि इस सीरीज में उसने अपने कई अहम खिलाड़ियों को आराम दिया है, जिसके बाद उसके लिये जीत हासिल करना आसान नहीं होगा। ऐसे में कोच राहुल द्रविड़ के लिये रवि शास्त्री की विरासत को बरकरार रखना बड़ी चुनौती साबित होने वाला है।
और पढ़ें: ICC T20 Rankings: 9 साल में पहली बार टॉप 10 से बाहर हुए विराट कोहली, केएल राहुल ने लगाई छलांग
रवि शास्त्री के नेतृत्व में भारतीय टीम ने पिछली 6 सीरीज में जीत हासिल की है जबकि पिछले 15 टेस्ट मैचों में से 12 में जीत हासिल की है। घरेलू परिस्थितियों में जिस तरह से कीवी टीम को हराना मुश्किल रहा है कुछ ऐसा ही हाल भारत के साथ भी रहा है, हालांकि भारत ने विदेशी सरजमीं पर भी अपनी जीत का परचम लहराया है। ऐसे में यह देखना काफी शानदार रहेगा कि सीरीज का आगाज किस तरह से होने वाला है।
और पढ़ें: IND vs NZ: कानपुर टेस्ट में डेब्यू करेगा यह दिग्गज खिलाड़ी, अजिंक्य रहाणे ने बताया नाम

1988 से जीत का इंतजार कर रही है न्यूजीलैंड
न्यूजीलैंड की टीम ने भारतीय सरजमीं पर आखिरी बार 1988 में जीत हासिल की थी जिसके बाद उसे अब तक अपनी दूसरी जीत का इंतजार है। साल 2011 के बाद से भारतीय टीम ने अपनी सरजमीं पर 47 टेस्ट मैच खेले हैं और इसमें सिर्फ 4 बार ही विदेशी टीम जीत हासिल करने में कामयाब हुई है। वहीं पर न्यूजीलैंड की टीम ने भी अपने घर पर खेले 43 टेस्ट मैचों में सिर्फ 5 में हार का सामना किया है। ऐसे में कीवी टीम कानपुर टेस्ट में जीत हासिल कर लंबे समय से चले आ रहे इंतजार को खत्म करना चाहेगी। कीवी टीम के हेड कोच गैरी स्टीड (2018) के आने के बाद से न्यूजीलैंड टीम ने कुछ यादगार प्रदर्शन करते हुए घर के बाहर भी जीत हासिल की है, जिसमें पाकिस्तान को यूएई में मात और श्रीलंकाई सरजमीं पर सीरीज को ड्रॉ कराना भी शामिल है।
ऐसे में जब अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली भारतीय टीम कानपुर टेस्ट में दिग्गजों की गैरमौजूदगी में खेलने उतरेगी तो कीवी टीम के जीत हासिल करने के ज्यादा चांसेस हैं। इसके साथ ही भारतीय टीम को टी20 सीरीज के महज 2 दिन बाद ही टेस्ट खेलने उतरना भी चुनौतीपूर्ण होने वाला है।

कानपुर टेस्ट में क्या देखने को मिल सकता है
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाने वाला पहला टेस्ट मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में 25 से 29 नवंबर के बीच सुबह 9:30 बजे से खेला जायेगा। इस मैदान पर 1952 से अब तक 22 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं, जबिक 2000 के बाद से सिर्फ 4 मैचों की ही मेजबानी मिली है। ग्रीन पार्क स्टेडियम पर खेला गया आखिरी टेस्ट मैच भी न्यूजीलैंड के खिलाफ 2016 में खेला गया था। जब आखिरी बार इस मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड की टीमें भिड़ी थी तो पिच काफी धीमा और नीचा रहा था और स्पिनर्स के लिये मददगार साबित हुआ था, इसके चलते रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की जोड़ी ने 20 में से 16 विकेट चटकाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। पिच रिपोर्ट के अनुसार 5 साल बाद जब दोबारा इस पिच पर इन दोनों की भिड़ंत होगी तो कुछ वैसा ही माहौल देखने को मिलेगा। इस दौरान मौसम पूरी तरह से साफ नजर आयेगा और बीच-बीच में बादल आ सकते हैं।

अय्यर करेंगे डेब्यू, 3 स्पिनर्स के साथ उतरेगी टीम इंडिया
स्पिन फ्रैंडली पिच को देखते हुए कानपुर टेस्ट में भारतीय कप्तान अजिंक्य रहाणे 3 स्पिनर और 2 पेसर्स की जोड़ी के साथ उतरना चाहेंगे। रोहित शर्मा की गैर-मौजूदगी और केएल राहुल के चोटिल होकर बाहर हो जाने के बाद भारतीय कप्तान इस मैच में शुबमन गिल और मयंक अग्रवाल के साथ पारी का आगाज करते नजर आयेंगे जबकि मध्यक्रम में श्रेयस अय्यर के डेब्यू करने की बात खुद अजिंक्य रहाणे ने पुष्टि की है। रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन का दो स्पिनर के तौर पर खेलना तय है लेकिन तीसरे स्पिनर के रूप में अक्षर पटेल टीम में शामिल हो सकते हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग XI: शुभमन गिल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे, ऋद्धिहमान साहा, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा, मोहम्मद सिराज/उमेश यादव।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
