IND vs NZ: क्या बारिश की भेंट चढ़ जायेगा वानखेड़े टेस्ट, जानें कैसा रहेगा मौसम और पिच रिपोर्ट
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मैच शुक्रवार (3 दिसंबर) से मुंबई के वानखेड़े मैदान पर खेला जाना है, जिसको लेकर दोनों टीमों की नजर सिर्फ जीत पर लगी हुई है। कानपुर में खेले गये पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम जीत की दहलीज पर पहुंच गई थी लेकिन एक विकेट नहीं ले पाने की वजह से वह जीत हासिल कर पाने में नाकाम रहे थे। ऐसे में दोनों टीमों कि नजर इस मैच में जीत हासिल कर सीरीज को अपने नाम करने पर होगी। साल 2016 के बाद पहली बार वानखेड़े के मैदान पर अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट की वापसी हो रही है, जिसमें भारतीय टेस्ट टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली भी वापसी कर रहे हैं।
विराट कोहली की वापसी करने के साथ ही भारतीय टीम में बदलाव होना तय नजर आ रहा है लेकिन कानपुर टेस्ट में श्रेयस अय्यर ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है उसके बाद उन्हें टीम से बाहर रख पाना मुश्किल नजर आ रहा है, वहीं पर यह भी सवाल है कि टीम मैनेजमेंट पुजारा और रहाणे की खराब फॉर्म को देखते हुए ब्रेक देने का फैसला करेगी या फिर उन्हें एक और मौका देना चाहेगी। इस बीच मुंबई में पिछले कुछ दिनों में बारिश देखने को मिली है जिसके बाद यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच बारिश की भेंट चढ़ने वाला है।

जानें कैसा रहने वाला है मौसम
उल्लेखनीय है कि भले ही मुंबई में फैन्स को गुरुवार को भी बारिश का सामना करना पड़ा है लेकिन टेस्ट मैच के दौरान कोई खलल नहीं मिलने वाला है। वानखेड़े पहुंची भारतीय टीम को पिछले 3 दिनों से बारिश से संघर्ष करना पड़ रहा है, जिसके चलते मंगलवार को होने वाली प्रैक्टिस को कैंसिल करना पड़ा था, जिसके बाद विराट सेना ने इंडोर प्रैक्टिस की है। ऐसे में टेस्ट मैच के दौरान मौसम पर चर्चा होना लाजमी है।
एक्यू वेदर की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार से मुंबई में मौसम सुहाना रहने वाला है और पहले 3 दिन हल्के बादल नजर आयेंगे पर बारिश होने की संभावना बेहद कम हैं। जबकि आखिरी 2 दिन पूरी तरह से धूप खिली रहेगी। ऐसे में बारिश की वजह से खलल पड़ना मुश्किल है लेकिन खराब रोशनी की वजह से खेल जल्दी रुकता हुआ देखा जा सकता है।

कैसा रहने वाला है पिच का मिजाज
गौरतलब है कि 2016 के बाद वानखेड़े के मैदान पर पहली बार कोई अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट मैच खेला जा रहा है, जहां पर आखिरी मैच भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच खेला गया था। कीवी टीम के साथ खेला जाने वाला सीरीज का दूसरा मैच वानखेड़े के मैदान पर लाल मिट्टी वाली पिच पर खेला जाना है। पिच क्यूरेटर के अनुसार वानखेड़े के मैदान पर स्पिन गेंदबाजों को काफी मदद मिलने वाली है, ऐसे में मैच का नतीजा आना तय है। वहीं पर तेज गेंदबाजों को उछाल और स्विंग मिलने की भी उम्मीद है। हालांकि बल्लेबाजी के लिये भी यह पिच काफी शानदार रहती है जिस पर कुछ बड़ी पारियां देखने को मिलती नजर आ सकती है।

ऐसी हो सकती है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत की संभावित 11: शुभमन गिल, मयंक अग्रवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद सिराज और उमेश यादव
न्यूजीलैंड की संभावित 11: टॉम लैथम, विल यंग, केन विलियमसन, रॉस टेलर, हेनरी निकोल्स, टॉम ब्लंडेल, रचिम रवींद्रन, काइल जैमीसन, टिम साउथी, एजाज पटेल, विल सोमरविले।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
