
विराट सेना ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
सुपर ओवर में जीत के लिये न्यूजीलैंड की टीम ने भारत के सामने 18 रनों का लक्ष्य खड़ा किया था, जिसका पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने रोहित शर्मा के 2 लगातार छक्कों की मदद से 20 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने सुपर ओवर का एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम सुपर ओवर में बिना विकेट खोये 20 रन बनाने वाली पहली टीम बन गई है। भारतीय टीम ने इस मामले में वेस्टइंडीज को पीछे छोड़ा।
वेस्टइंडीज की टीम ने 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही बिना विकेट खोये 19 रन बनाकर मैच में जीत हासिल की थी।

मोहम्मद शमी ने बदला मैच का रुख
कीवी टीम को जीत के लिये आखिरी ओवर में 9 रन की दरकार थी और केन विलियमसन टी20 में अपने पहले शतक के साथ जीत की ओर देख रहे थे। रोस टेलर ने पहली गेंद पर छक्का जड़कर अपनी टीम की जीत के लिये राह आसान कर दी थी लेकिन मोहम्मद शमी ने अगली 5 गेंदों में शानदार वापसी की और लगभग हार चुके मैच को सुपर ओवर में ला खड़ा किया, जहां भारत के पास जीत हासिल करने का मौका बन गया।

हार के बाद इमोशनल हुए केन विलियमसन
7 महीने के अंदर तीसरी बार सुपर ओवर में हार का सामना करने के बाद कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि ऐसे गेम्स के बाद रात को सो पाना काफी मुश्किल होता है। लेकिन हमें रिजल्ट को भुलाकर आगे खेल पर ध्यान देना होगा।
वहीं मैच के बाद कप्तान विराट कोहली ने केन विलियमसन की तारीफ करते हुए कहा कि केन का प्रयास देखने के बाद मैंने कोच शास्त्री से कहा कि यह टीम जीत डिजर्व करती है। मुझे उनके लिये बुरा महसूस हो रहा है जब आप ऐसी पारी खेलो और उसके बावजूद हारने वाली टीम बनो तो मुझे पता है कैसा फील होता है।


Click it and Unblock the Notifications
