
टी20 में बनाया बड़ा रिकॉर्ड, ऐसा करने वाले छठे भारतीय बने
वेलिंगटन में खेले जा रहे चौथे मैच में केएल राहुल ने टी20 प्रारूप में 4 हजार रन पूरे कर लिये हैं। वह ऐसा करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने। राहुल से पहले विराट कोहली, रोहित शर्मा, एमएस धोनी, सुरेश रैना और शिखर धवन यह कारनामा कर चुके हैं।
केएल राहुल ने कुलेगिन की गेंद पर अपना 8वां रन पूरा करते ही टी20 प्रारूप में अपने 4 हजार रन पूरे कर लिये। इतना ही नहीं राहुल ने कीवी कप्तान केन विलियमसन को सीरीज में रनों के मामले में पीछे छोड़ दिया है। अब वह सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये हैं।

दुनिया के दूसरे बेस्ट क्रिकेटर बने राहुल
इतना ही नहीं टी20 प्रारूप में जिन खिलाड़ियों के 2000 से ज्यादा रन है उसमें राहुल दुनिया के दूसरे बेस्ट औसत वाले खिलाड़ी हैं। राहुल इस मामले में पाकिस्तान के बाबर आजम से पीछे हैं जिनका औसत 42.60 है जबकि राहुल ने 42.10 की औसत से रन बनाये हैं। राहुल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 26 गेंद में 39 रन की पारी खेली और इस दौरान 3 चौके और 2 छक्के लगाये।

मनीष पांडे ने बचाई भारत की लाज
चौथे मैच में भारतीय टीम कीवी गेंदबाजों के सामने लड़खड़ाती दिखाई दी। 20 ओवर के निर्धारित खेल के बाद भारत ने मनीष पांडे की नाबाद 50 रन की पारी और केएल राहुल के 39 रनों के योगदान की बदौलत कीवी टीम के सामने 166 रनों का लक्ष्य दिया।
न्यूजीलैंड के लिये कप्तान केन विलियमसन कंधे में चोट के चलते नहीं खेल रहे हैं उनकी जगह टिम साउदी कप्तानी कर रहे हैं।
भारत ने पहले ही सीरीज अपने नाम कर ली है। उसकी कोशिश है कि वह अपने बाकी के बचे दोनों मैच जीते जबकि कीवी टीम घर में साख बचाने की कोशिश में है और उसकी चाहत भी सीरीज के बाकी बचे दोनों मैच जीतने की है।


Click it and Unblock the Notifications
