जानें कब-कब टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में एक ही बॉलर ने झटके परफेक्ट 10, 20 विकेट लेने से चूक गये थे जिम लेकर
नई दिल्ली। टेस्ट क्रिकेट के 132 साल के इतिहास में अब तक हजारों रिकॉर्ड बन और टूट चुके हैं और जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ता जा रहा है, वैसे-वैसे कई नये रिकॉर्ड भी शामिल होते जा रहे हैं। ऐसे में अगर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे मुश्किल रिकॉर्ड की बात की जाये तो वो किसी भी गेंदबाज के द्वारा एक ही पारी में सभी 10 विकेट चटकाने का होगा। बदलते समय के साथ खेल में तेजी से रन बनाने और विकेट चटकाने की कला आम हो गई है, हमें टेस्ट क्रिकेट में भी तेजी से शतक और हैट्रिक जैसे कारनामे देखने को मिलते हैं, पर एक मैच की एक पारी में सभी विकेट किसी एक ही गेंदबाज के नाम होना वो अजूबा है जिसे कर पाना हर खिलाड़ी के बस की बात नहीं है।
और पढ़ें: कैसे जहीर खान की छोटी सी सलाह ने बदल दी हर्षल पटेल की किस्मत, गेंदबाजी में आ गई धार
अगर कोई गेंदबाज एक ही पारी में सभी 10 विकेट चटकाता है तो इसका मतलब यही है कि उस पारी में विपक्षी टीम के बल्लेबाज के पास उस गेंदबाज को छोड़कर हर गेंदबाज का जवाब था, इतना ही नहीं कोई भी बल्लेबाज रन आउट या किसी और तरीके से अपना विकेट गंवाता नही नजर आया। क्रिकेट के इतिहास में यह वो संभावना है जिसका सच होना बहुत ही कठिन है, पर आपको जानकार हैरानी होगी कि इतनी मुश्किल और अद्भुत होने के बावजूद यह घटना टेस्ट क्रिकेट में 3 बार घट चुकी है। आइये एक नजर उन लम्हों पर डालें जब यह ऐतिहासिक घटना मैदान पर घटी-
और पढ़ें: IND vs NZ: भारत के नाम रहा वानखेड़े टेस्ट का दूसरा दिन, यह रही मैच की 4 बड़ी बातें

जिम लेकर (Jim Laker)
क्रिकेट इतिहास में सबसे पहली बार यह घटना 1956 की ऐशेज सीरीज के दौरान हुई थी जहां पर इंग्लैंड के जिम लेकर ने ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर खेलते हुए पहली बार एक ही पारी में 10 विकेट हासिल करने का कारनामा किया। जिम लेकर ने उस मैच में कुल 19 विकेट हासिल किये थे और एक ही मैच में दो बार 10 विकेट हॉल लेने से बस एक विकेट दूर रह गये थे। जिम लेकर ने पहली पारी में 37 रन देकर 9 विकेट चटकाये थे जबकि दूसरी पारी में 53 रन देकर सभी 10 विकेट अपने नाम किये थे। इस ऐतिहासिक मैच में जो इकलौती विकेट जिम लेकर के नाम नहीं हो सकी थी वो थी ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज जिम ल्यूक की जिन्हें टॉम लॉक ने आउट कर वापस पवेलियन भेजा था। भले ही मैनचेस्टर के मैदान पर खेले गये इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के इतिहास की सबसे कमजोर टीम खेलने उतरी थी लेकिन इसके बावजूद 20 में से 19 बल्लेबाजों के पास जिम लेकर की फिरकी का जवाब नहीं था और उन्होंने यह ऐतिहासिक कारनामा कर दिखाया।

अनिल कुंबले (Anil Kumble)
इसके बाद यह कारनामा दूसरी बार 1999 में हुआ जब भारतीय टीम का सामना दिल्ली के फिरोजशाह कोटला (वर्तमान के अरुण जेटली) स्टेडियम में पाकिस्तान से हुआ था। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गये इस मैच में दूसरी पारी में पाकिस्तान की टीम ने बिना कोई विकेट खोये 100 रन बना लिये थे, ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान की टीम आसानी से लक्ष्य को हासिल कर लेगी, लेकिन लंच के बाद जब अनिल कुंबले ने विकेट लेना शुरू किया तो पाकिस्तान की मजबूत बल्लेबाजी बिखरती नजर आयी। इस मैच के दौरान जब अनिल कुंबले के खाते में 9 विकेट हो गये थे तो सभी की यही कोशिश थी कि 10 वां विकेट भी इस भारतीय दिग्ज के पास जाये। हालांकि जवागल श्रीनाथ की गेंद पर एक मौका ऐसा भी बना जिससे कुबले 9 विकेट पर ही रह जाते।
वकार यूनिस ने जवागल श्रीनाथ की गेंद पर शॉट खेला और बॉल कैच के लिये उठ गई, भारत के सलामी बल्लेबाज सदागोपन रमेश गेंद को कैच करने के लिये भागने लगे। इसे देखते हुए जवागल श्रीनाथ समेत ज्यादातर भारतीय खिलाड़ियों ने उन्हें गेंद न पकड़ने के लिये आवाज लगाई लेकिन वो सुन नहीं रहे थे, अंत में जब रमेश को वजह समझ आयी तो उन्होंने कैच छोड़ दिया। इसके बाद अनिल कुंबले की गेंद पर शॉर्ट लेग में खड़े वीवीएस लक्ष्मण ने कैच पकड़ कर उन्हें टेस्ट क्रिकेट में 10 विकेट लेने वाला दूसरा गेंदबाज बनाया।

एजाज पटेल (Azaz Patel)
इस फेहरिस्त में तीसरा नाम न्यूजीलैंड के बायें हाथ के स्पिनर एजाज पटेल का नाम भी शामिल हो गया है, जिन्होंने वानखेड़े के मैदान पर खेले जा रहे मैच में भारत के खिलाफ पहली पारी में 10 विकेट अपने नाम कर लिये। एजाज पटेल दुनिया के पहले गेंदबाज बने जिन्होंने पहली पारी में गेंदबाजी करते हुए 10 विकेट अपने नाम किये, इससे पहले अनिल कुंबले और जिम लेकर ने दूसरी पारी में गेंदबाजी करते हुए सभी 10 विकेट चटकाये थे। न्यूजीलैंड के लिये गेंदबाजी करते हुए एजाज पटेल ने 47.5 ओवर्स की गेंदबाजी की और 119 रन देकर भारतीय टीम के सभी 10 विकेट अपने नाम किये।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications