IND vs NZ: भारत के नाम रहा वानखेड़े टेस्ट का दूसरा दिन, यह रही मैच की 4 बड़ी बातें
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच वानखेड़े के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद भारतीय टीम ने पूरी तरह से मैच में पकड़ बना ली है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 332 रनों की बढ़त बना ली है और दूसरी पारी में एक बड़ा स्कोर खड़ा करने की ओर देख रही है। वानखेड़े के मैदान पर खेले जा रहे इस टेस्ट मैच का दूसरा दिन पूरी तरह से गेंदबाजों के नाम रहा जिन्होंने 16 विकेट हासिल किये और सिर्फ 242 रन ही बन सके। भारतीय टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने के बाद 4 विकेट खोकर 221 रन बना लिये थे, जिसके बाद जब वो दूसरे दिन पारी को आगे बढ़ाने उतरी तो लंच के बाद के खेल तक 325 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम सिर्फ 28.1 ओवर्स में ही ऑल आउट हो गई और भारत को 263 रनों की बढ़त हासिल हो गई। कीवी टीम फॉलो ऑन बचाने में नाकाम रही लेकिन उसके बावजूद विराट कोहली ने न्यूजीलैंड को दोबारा बल्लेबाजी के लिये बुलाने के बजाय खुद बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने चेतेश्वर पुजारा (29) और मयंक अग्रवाल (35) के दम पर बिना कोई विकेट खोये 69 रन बना लिये हैं। इस बीच मैच के दूसरे दिन कई बड़े लम्हे आये जिसने इतिहास रच दिया, आइये एक नजर दिन की 4 बड़ी बातों पर-
और पढ़ें: IND vs NZ: ताश के पत्तों की तरह बिखरी न्यूजीलैंड, भारत के खिलाफ सबसे न्यूनतम स्कोर पर सिमटी

मयंक अग्रवाल ने पूरे किये 150 रन
पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 4 विकेट खोकर 221 रन बना लिये थे और मयंक अग्रवाल 120 रन बना चुके थे। जब दूसरे दिन भारत ने पारी को आगे बढ़ाने का काम किया तो ऋद्धिमान साहा (27) महज 4 रन बाद ही एजाज पटेल आउट होकर वापस लौट गये। अग्रवाल ने यहां पर फिर से पारी को संभालने का काम किया और 92 रनों की साझेदारी की, और अपने 150 रनों की पारी को पूरा कर लिया। फैन्स को लगा कि शायद मयंक अग्रवाल अपने टेस्ट करियर का तीसरा दोहरा शतक पूरा करेंगे लेकिन एजाज पटेल ने टॉम ब्लंडेल के हाथों कैच कराकर पारी को समेट दिया।

10 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बने एजाज पटेल
वहीं दिन का दूसरा ऐतिहासिक लम्हा कीवी गेंदबाज एजाज पटेल से आया जिन्होंने भारतीय पारी के सभी 10 विकेट अपने नाम कर इतिहास रच दिया। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक ही पारी में सभी 10 विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे और न्यूजीलैंड के पहले गेंदबाज बने। एजाज पटेल ने भारत के खिलाफ सबसे बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले स्पिनर का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया और कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ डाले। एजाज पटेल से पहले एक ही पारी में 10 विकेट लेने का कारनामा अनिल कुंबले और जिम लेकर के ही नाम रहा है।

टेस्ट क्रिकेट के सबसे न्यूनतम स्कोर पर सिमटी न्यूजीलैंड
325 रन पर भारत को समेटने के बाद जब कीवी टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो किसी को उम्मीद नहीं थी कि महज 28.1 ओवर्स के अंदर ही एजाज पटेल की 10 विकेट लेने की खुशियां धूमिल हो जायेंगी। न्यूजीलैंड की टीम के खिलाफ मोहम्मद सिराज ने जबरदस्त शुरुआत की और महज 15 रन के स्कोर पर 3 विकेट हासिल कर लिये। कीवी टीम के लिये सिर्फ टॉम लैथम (10) और काइल जैमिसन (17) ही ऐसे खिलाड़ी रहे जो दोहरे अंक पर पहुंच सके और बाकी की पूरी टीम सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट हो गई। रविचंद्रन अश्विन ने विकेट का चौका लगाया जिसके चलते पूरी कीवी टीम महज 62 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। यह कीवी टीम की ओर से टेस्ट क्रिकेट में बनाया गया सबसे छोटा स्कोर है।

6 साल बाद ओपनिंग करने पुजारा ने 30 गेंदों के अंदर जड़ा छक्का
वहीं जब दूसरी पारी में भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो शुबमन गिल ओपनिंग करने नहीं उतरे। फील्डिंग के दौरान शुबमन गिल के हाथों में जबरदस्त चोट लग गई थी जिसके चलते चेतेश्वर पुजारा को पारी का आगाज करने के लिये भेजा गया। चेतेश्वर पुजारा ने साल 2015 में श्रीलंका दौरे पर पहुंची भारतीय टीम के लिये आखिरी बार पारी का आगाज किया था, जिसके बाद इस मैच में पहली बार ओपनिंग करने उतरे। वहीं पर खराब फॉर्म से गुजर रहे चेतेश्वर पुजारा ने तेजी से पारी का आगाज किया और अपने करियर में पहली बार महज 30 गेंदों के अंदर छक्का जड़ दिया। दिन का खेल खत्म होने तक पुजारा ने 51 गेंदों का सामना कर लिया है और 3 चौके एवं एक छक्के की मदद से 29 रन बना डाले हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications