IND vs NZ: 263 रनों की बढ़त होने के बावजूद भारत ने क्यों नही दिया फॉलो ऑन, 6 साल बाद पुजारा ने की ओपनिंग
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा, जिसके दूसरे दिन का खेल काफी रोमांचक रहा है। पहले दिन की शाम को शतक पूरा करने वाले मयंक अग्रवाल ने दूसरे दिन पारी को आगे बढ़ाते हुए 150 रन पूरे किये तो वहीं पर अक्षर पटेल ने बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला अर्धशतक लगाया। इन खिलाड़ियों की मदद से भारतीय टीम ने पहली पारी में 325 रनों का स्कोर खड़ा किया। कीवी टीम के लिये एजाज पटेल ने सभी 10 विकेट चटकाये और टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में परफेक्ट 10 लेने वाले दुनिया के तीसरे गेंदबाज बन गये।
और पढ़ें: IND vs NZ: ताश के पत्तों की तरह बिखरी न्यूजीलैंड, भारत के खिलाफ सबसे न्यूनतम स्कोर पर सिमटी
भारतीय टीम को 325 रन पर समेटने के बाद कीवी टीम को लगा होगा कि वो कम से कम 3-4 सेशन बल्लेबाजी कर एक अच्छा स्कोर खड़ा करेगी, हालांकि जब वो बल्लेबाजी करने आयी तो ऐसा हुआ नहीं। कीवी टीम सिर्फ 28.1 ओवर्स ही खेल सकी और महज 62 रन के स्कोर पर सिमट गई। भारत ने मोहम्मद सिराज (3 विकेट), रविचंद्रन अश्विन (4 विकेट), अक्षर पटेल (2 विकेट) और जयंत यादव (1 विकेट) के दम पर कीवी टीम को 263 रन पहले रोक दिया और न्यूजीलैंड की टीम फॉलो ऑन भी नहीं बचा सकी।
और पढ़ें: जानें कौन हैं भारत के खिलाफ 10 विकेट चटकाने वाले एजाज पटेल, कभी बनना चाहते थे तेज गेंदबाज

263 की बढ़त के बावजूद कोहली ने नहीं दिया फॉलो ऑन
हालांकि जब कीवी टीम की पारी समाप्त हुई तो विराट कोहली ने फिर से बल्लेबाजी करने की इच्छा जताई और वापस पवेलियन लौट गये। इसके बाद फैन्स के मन में यही सवाल उठ रहा है कि पहली पारी में 263 रनों की बड़ी बढ़त हासिल करने के बावजूद भारतीय टीम ने फॉलो ऑन क्यों नहीं दिया। उल्लेखनीय है कि टेस्ट क्रिकेट में जब भी कोई टीम रनों का पीछा करते हुए 200 रनों से ज्यादा के अंतर पर सिमट जाती है तो उसे फॉलो ऑन का विकल्प दिया जा सकता है, जिसके तहत वह ऑल आउट होने के तुरंत बाद दूसरी पारी की बल्लेबाजी करने के लिये उतर सकती है।

संजय बांगर ने बताया क्यों दोबारा बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम
इस सवाल को कॉमेंट्री कर रहे संजय बांगर से भी पूछा गया जिन्होंने इसका जवाब देते हुए कहा कि अगर टीम को जल्दी से जल्दी मैच खत्म करना है तो यहां पर फॉलो ऑन न देने का कोई सवाल ही नहीं उठता, हालांकि यहां पर सिर्फ एक ही वजह के चलते भारतीय टीम ने फॉलो ऑन न देने का फैसला किया होगा। भारतीय टीम को इस टेस्ट मैच के बाद साउथ अफ्रीका के दौरे पर जाना है जहां पर उसे 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। ऐसे में भारतीय कप्तान विराट कोहली चाहते होंगे कि वो इस दौरे पर जाने से पहले चेतेश्वर पुजारा और अपने बल्ले से कुछ रन बना सकें और बल्लेबाजी में आत्म-विश्वास हासिल कर सकें।

6 साल बाद ओपनिंग करने उतरे पुजारा
गौरतलब है कि विराट कोहली के फॉलो ऑन न देने के फैसले के बाद भारतीय टीम के लिये मयंक अग्रवाल के साथ शुबमन गिल के बजाय चेतेश्वर पुजारा बल्लेबाजी करने उतरे। चेतेश्वर पुजारा अपने टेस्ट करियर में करीब 6 साल बाद पारी का आगाज करने के लिये उतरे हैं। पुजारा ने आखिरी बार श्रीलंका दौरे पर पहुंची भारतीय टीम के लिये पारी का आगाज किया था। आपको बता दें कि पहली पारी में जब कीवी टीम बल्लेबाजी कर रही थी तो शुबमन गिल शॉर्ट लेग पर खड़े थे और उनके हाथ में दो बार गेंद जाकर लगी जिसकी वजह से वह चोटिल हो गये और बल्लेबाजी के लिये नहीं उतर सके। दूसरी पारी में भारत के लिये 18 ओवर का खेल समाप्त होने के बाद भारतीय टीम ने चेतेश्वर पुजारा (28) और मयंक अग्रवाल (26) के दम पर 56 रन बना चुकी है और बढ़त को 319 रन कर दिया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications